पंजाब BJP में बड़ा बदलाव: केवल सिंह ढिल्लों बने नए प्रदेश अध्यक्ष, बोले- “2027 में पंजाब में खिलेगा कमल”, कैप्टन के करीबी; जानें सबकुछ!
#PunjabBJP #KewalSinghDhillon #SunilJakhar #PunjabPolitics #BJPPunjab #CaptainAmarinderSingh #Barnala #PunjabNews #PoliticalUpdate #BJP #PunjabElection2027 #BreakingNews #MalwaPolitics #Sangrur #NarendraModi #AmitShah
Punjab Hotmail, चंडीगढ़/नई दिल्ली। पंजाब भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए पार्टी हाईकमान ने वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ का कार्यकाल औपचारिक रूप से समाप्त हो गया।

नए अध्यक्ष बनाए जाने के बाद केवल ढिल्लों ने साफ कहा कि उनका पूरा फोकस अब 2027 विधानसभा चुनाव पर रहेगा और भाजपा पंजाब में मजबूत प्रदर्शन करेगी।

नए अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में भाजपा को लेकर जो लोग यह दावा करते हैं कि पार्टी अगली बार सिर्फ एक-दो सीटों तक सिमट जाएगी, वे 2027 के चुनाव परिणाम देखकर चौंक जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में सभी वर्गों और नेताओं को साथ लेकर आगे बढ़ेगी तथा संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जाएगा।
कांग्रेस से भाजपा तक का राजनीतिक सफर, कैप्टन के खास
केवल सिंह ढिल्लों पंजाब की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वे बरनाला विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके हैं और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी और लंबे समय तक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते रहे। ढिल्लों ने 2007 और 2012 में बरनाला विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी।
उन्हें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का बेहद करीबी माना जाता है। राजनीतिक हलकों में उनका प्रभाव खासतौर पर मालवा क्षेत्र में मजबूत माना जाता है।
2022 में भाजपा में हुए शामिल
जून 2022 में केवल सिंह ढिल्लों ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। इसके बाद उन्होंने संगरूर लोकसभा उपचुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा, हालांकि उन्हें आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार से हार का सामना करना पड़ा।
भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी दी गई थी।
राजनीतिक क्षेत्र के साथ-साथ पंजाब के औद्योगिक और व्यापारिक जगत में भी उनका प्रभाव माना जाता है। बरनाला निवासी केवल ढिल्लों व्यवसायिक पृष्ठभूमि से भी जुड़े हुए हैं।
सुनील जाखड़ का भावुक संदेश
प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने के बाद सुनील जाखड़ ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि पंजाब भाजपा के अध्यक्ष के रूप में सेवा करना उनके लिए गर्व और बड़ी जिम्मेदारी का विषय रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार व्यक्त किया।
जाखड़ ने कहा कि पंजाब भाजपा की असली ताकत राज्यभर के कार्यकर्ता, नेता और समर्थक हैं, जिनकी मेहनत और निष्ठा ने उनके कार्यकाल को यादगार बनाया।
उन्होंने केवल सिंह ढिल्लों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा और पंजाब की सेवा और समर्पण के साथ आगे बढ़ेगी।
सुनील जाखड़ ने यह भी कहा कि पंजाब और पंजाब के लोगों से उनका रिश्ता किसी पद से कहीं ऊपर है और भविष्य में भी उनका जुड़ाव और सहयोग जारी रहेगा।
