Gymkhana Club Election: प्रोग्रेसिव ग्रुप का शक्ति प्रदर्शन, 8 प्रत्याशियों ने दाखिल किए नामांकन!
22 अगस्त को ट्रेजरर और अन्य पद के लिए भरे जाएंगे पर्चे, चुनावी सरगर्मियां तेज; पढ़ें उम्मीदवारों के विजन और वादे!
मनमोहन सिंह
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। जालंधर के प्रतिष्ठित जिमखाना क्लब के आगामी चुनाव को लेकर चुनावी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। शुक्रवार को क्लब परिसर में दिनभर गहमागहमी रही।

प्रोग्रेसिव ग्रुप के उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। ग्रुप की ओर से प्रमुख पदों और एग्जीक्यूटिव कमेटी के लिए कुल 8 उम्मीदवारों ने आधिकारिक नामांकन पत्र दाखिल किए।
प्रोग्रेसिव ग्रुप ने क्लब की प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और विकास को नई दिशा देने के दावे के साथ चुनावी मैदान में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
जूनियर वाइस प्रेसिडेंट समेत प्रमुख पदों पर नामांकन
शुक्रवार को जूनियर वाइस प्रेसिडेंट पद के प्रत्याशी दलजीत सिंह छाबड़ा ने प्रस्तावकों और समर्थकों की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही आनरेरी सेक्रेटरी और जॉइंट सेक्रेटरी पद के प्रत्याशियों ने भी चुनाव अधिकारियों के समक्ष पर्चे जमा किए।

वहीं, क्लब की कार्यकारिणी को मजबूत करने के लिए 5 एग्जीक्यूटिव मेंबर्स ने भी नामांकन दाखिल किया। इनमें विपन झांजी, शालीन जोशी, कैप्टन रमन सिंह, जसमीत सिंह छाबड़ा और गगनदीप उप्पल शामिल हैं।

प्रोग्रेसिव ग्रुप की ओर से तरनजोत सिंह सिडाना पहले ही वीरवार को अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं। वहीं कार्यकारिणी के एक अन्य सदस्य द्वारा शनिवार को नामांकन दाखिल किया जाना है।
22 अगस्त को प्रेसिडेंट और ट्रेजरर पद पर करेंगे नामांकन
नामांकन प्रक्रिया में अब सबसे अहम दिन शनिवार, 22 अगस्त रहने वाला है। प्रोग्रेसिव ग्रुप की ओर से प्रेसिडेंट और ट्रेजरर जैसे दो महत्वपूर्ण पदों के उम्मीदवार शनिवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

इन दोनों पदों के प्रत्याशियों की घोषणा और नामांकन के बाद जिमखाना क्लब चुनाव का मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है। दोनों प्रमुख पदों को लेकर क्लब सदस्यों के बीच भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
शालीन जोशी बोले- वोट से पहले कैंडिडेट का विजन जरूर देखें
प्रोग्रेसिव ग्रुप के एग्जीक्यूटिव पद के प्रत्याशी और पेशे से आर्किटेक्ट कैप्टन रमन सिंह ने क्लब सदस्यों से अपील की कि वे मतदान से पहले उम्मीदवार के विजन और क्लब के लिए उसकी सोच को जरूर समझें।

उन्होंने कहा कि सदस्यों को यह देखना चाहिए कि उम्मीदवार क्लब के विकास को लेकर क्या विजन रखता है और क्लब के लिए उसकी प्राथमिकताएं क्या हैं। उनके मुताबिक, क्लब के बारे में सोचने वाले और उसे बेहतर बनाने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को ही सदस्यों का समर्थन मिलना चाहिए।

वहीं कैप्टन रमन सिंह ने कहा कि वह देश-विदेश में कई जगहों का दौरा करते रहते हैं और उनका प्रयास है कि जिमखाना क्लब को भी आधुनिक सुविधाओं और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ नई पहचान मिले।
उनका विजन है कि क्लब की बिल्डिंग और पूरा परिसर ऐसा विकसित हो, जो शहर की एक अलग पहचान बने।

नामांकन के साथ बढ़ी चुनावी हलचलप्रोग्रेसिव ग्रुप के उम्मीदवारों के नामांकन के साथ ही जिमखाना क्लब चुनाव की गतिविधियां और तेज हो गई हैं।

अब सभी की नजरें 22 अगस्त को प्रेसिडेंट और ट्रेजरर पद के नामांकन पर टिकी हैं। इसके बाद चुनावी मैदान में तस्वीर और स्पष्ट होने के साथ सदस्यों के बीच समर्थन जुटाने की कवायद भी तेज होने की उम्मीद है।

जिमखाना क्लब चुनाव इस बार दिलचस्प होने वाले हैं क्योंकि इस बार सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के स्पोर्ट और धमकाने के आरोपों की राजनीति ने कुछ पुराने और नए उम्मीदवारों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।
