HC पहुंची सरकार: अमृतपाल को पंजाब लाने पर सुरक्षा संकट? हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से पूछे तीखे सवाल!
#AmritpalSingh #PunjabGovernment #PunjabHaryanaHighCourt #DibrugarhJail #PunjabPolitics #LawAndOrder #NationalSecurity #ChandigarhNews
चंडीगढ़। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को पंजाब लाने से राज्य और राष्ट्र की सुरक्षा को खतरा होने की आशंका जताते हुए पंजाब सरकार ने उसे असम की डिब्रूगढ़ जेल में ही रखने की मांग को लेकर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

सरकार का कहना है कि अमृतपाल की मौजूदगी से कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है और अलगाववादी नैरेटिव को बढ़ावा मिल सकता है।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से तीखे सवाल पूछे। अदालत ने कहा कि केवल प्रशासनिक या सुरक्षा कारणों के आधार पर किसी आरोपी को दूसरे राज्य की जेल में रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
इसके लिए स्पष्ट कानूनी प्रावधान और ठोस आधार रिकॉर्ड पर रखना अनिवार्य है।
कोर्ट ने यह भी पूछा कि जब संबंधित एफआईआर की जांच पूरी हो चुकी थी और आरोपी पहले से हिरासत में था, तो उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया।
पंजाब सरकार ने दलील दी कि खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट में सुरक्षा संबंधी गंभीर संकेत हैं, इसलिए अमृतपाल को असम की जेल में ही रखा जाए और मुकदमे की कार्यवाही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराई जाए।
हालांकि अदालत ने इन तर्कों पर संतोष नहीं जताया और स्पष्ट किया कि एक राज्य से दूसरे राज्य में कैदी को रखने के लिए वैधानिक प्रक्रिया का पालन जरूरी है।
असम सरकार की सहमति का पत्र भी पेश किया गया, लेकिन अदालत ने इस पर भी स्पष्टीकरण मांगा। मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार तक स्थगित कर दी गई है।
