जिला बार परिसर को मिली नई रोशनी, मेयर वनीत धीर और नितिन कोहली ने हाई मास्ट लाइटों का किया उद्घाटन; किए यह वादे!
जलभराव के स्थायी समाधान के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और इंटरलॉकिंग टाइल्स का काम जल्द होगा पूरा!
पंजाब हॉटमेल ब्यूरो, जालंधर। विधानसभा हलका जालंधर नॉर्थ के इंचार्ज एवं मेयर वनीत धीर ने बुधवार को जिला बार एसोसिएशन परिसर में नई हाई मास्ट लाइटों का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शहर का विकास केवल सड़कों और इमारतों तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक संस्थानों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना भी नगर निगम की प्राथमिकता है। हाई मास्ट लाइटों के शुरू होने से बार परिसर में रोशनी, सुरक्षा और वकीलों की सुविधा में सुधार होगा।
जिला बार एसोसिएशन के नवनियुक्त प्रधान रतन दुआ और उनकी टीम ने मेयर वनीत धीर का स्वागत किया। इस दौरान सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली और अजय चोपड़ा भी मौजूद रहे।
बार परिसर में जलभराव से जल्द मिलेगी राहत
मेयर वनीत धीर ने कहा कि मान सरकार की विकास एवं जनसुविधा की सोच के तहत जालंधर में लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। जिला बार परिसर में बारिश के दौरान लंबे समय से सामने आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करवाया जाएगा।
इसके साथ ही परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा, जिससे वकीलों और यहां आने वाले लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शेष विकास कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारकर लोगों को उनका सीधा लाभ पहुंचाना है।
वकीलों की मांगों को प्राथमिकता से हल करने का भरोसा
प्रधान रतन दुआ, पूर्व प्रधान राज कुमार भल्ला, ओम प्रकाश, प्रितपाल सिंह और बलविंदर लक्की सहित अन्य वकीलों ने बार परिसर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से मेयर को अवगत करवाया।
उन्होंने हाई मास्ट लाइटें लगाने और अन्य विकास कार्य शुरू करवाने के लिए मेयर का आभार जताते हुए बाकी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग रखी।
मेयर वनीत धीर ने वकीलों को भरोसा दिलाया कि जिला बार एसोसिएशन की जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार शहर के विकास और वकीलों सहित सभी वर्गों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अमित सिंह संधा, जेपी सिंह, कुणाल गोयल, मेहुल खन्ना, दर्शन सिंह, संगीता सोनी, रोबिन सेठी, रबीना सहित बड़ी संख्या में वकील सदस्य उपस्थित रहे।
