मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के सेवा कार्यों की सराहना, समाजहित में योगदान को बताया प्रेरणादायी
जालंधर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के दौरे के दौरान संस्थापक एवं संचालक आशुतोष महाराज जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में संचालित सामाजिक, आध्यात्मिक और जनकल्याणकारी परियोजनाओं की सराहना की।

उन्होंने विशेष रूप से कामधेनु गौशाला, जैविक कृषि और आयुर्वेदिक उत्पादों से जुड़े प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि ये पहल समाज, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने स्वामी परमानंद जी, स्वामी विश्वानंद जी, स्वामी गिरिधरानंद जी, स्वामी उमेशानंद जी, स्वामी चिन्मयानंद जी, स्वामी गुरुकृपानंद जी तथा स्वामी मनेश्वरानंद जी के साथ संस्थान की विभिन्न सामाजिक, आध्यात्मिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि संस्थान आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के साथ-साथ शिक्षा, सेवा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहा है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल (सिरसा), पूर्व सांसद सुशील रिंकू (जालंधर) तथा भाजपा जिला अध्यक्ष जगबीर बराड़ भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उनका संस्थान के साथ कई वर्षों से आत्मीय संबंध रहा है और उन्होंने संस्थान द्वारा समाजहित में किए जा रहे सेवा कार्यों के लिए शुभकामनाएँ देते हुए इन्हें निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
