2027 में CM मान के खिलाफ धूरी से चुनाव लड़ सकते हैं अमृतपाल सिंह! पार्टी में मंथन तेज, दो सीटों से नामांकन की भी चर्चा
Punjab Hotmail, चंडीगढ़/संगरूर। पंजाब की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक और बड़ा राजनीतिक मुकाबला सामने आता दिख रहा है। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ धूरी सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं।

हालांकि, इसे लेकर अभी अंतिम फैसला पार्टी स्तर पर होना बाकी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अमृतपाल की ओर से धूरी सीट में खास रुचि दिखाई गई है।
पार्टी बैठक में सीट को लेकर अंतिम निर्णय होने के बाद प्रस्ताव औपचारिक मंजूरी के लिए अमृतपाल के पास भेजा जाएगा। मौजूदा समय में अमृतपाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।
एक नहीं, दो विधानसभा सीटों से भी लड़ सकते हैं चुनाव
अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के मुख्य प्रवक्ता शमशेर सिंह पधरी ने कहा कि पार्टी ने अमृतपाल सिंह के आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि अमृतपाल एक या दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन सीटों को लेकर अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, अमृतपाल के लिए धूरी, खडूर साहिब, तलवंडी साबो और रामपुरा फूल सीटों पर विचार किया जा रहा है। इनमें धूरी को लेकर उनकी विशेष रुचि बताई जा रही है। धूरी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मुख्यमंत्री भगवंत मान वर्तमान में इसी सीट से विधायक हैं।
बड़े नेताओं के खिलाफ बड़े चेहरों को उतारने की तैयारी
कोटकपूरा से पार्टी नेता रछपाल सिंह सोसन ने भी अमृतपाल के धूरी से चुनाव लड़ने की इच्छा की पुष्टि की है। उनका कहना है कि पार्टी सभी विकल्पों पर विचार कर रही है और बैठक में निर्णय के बाद प्रस्ताव अमृतपाल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
पार्टी नेताओं के अनुसार, वारिस पंजाब दे की रणनीति केवल धूरी तक सीमित नहीं है। पार्टी अन्य प्रमुख राजनीतिक नेताओं के विधानसभा क्षेत्रों में भी मजबूत और चर्चित उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। उम्मीदवारों के नामों को लेकर पार्टी के भीतर मंथन जारी है।
अब तक 6 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित
वारिस पंजाब दे अब तक छह विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। इनमें बस्सी पठाना से इंदिरा गांधी हत्याकांड में दोषी ठहराए गए केहर सिंह के बेटे सतवंत सिंह, मोगा से गुरमीत सिंह बुक्कनवाला और अजनाला से दलजीत सिंह कलसी शामिल हैं।
दोनों गुरमीत सिंह बुक्कनवाला और दलजीत सिंह कलसी डिब्रूगढ़ जेल में NSA के तहत रह चुके हैं।इसके अलावा गिल से पूर्व अकाली विधायक दर्शन सिंह शिवालिक, कपूरथला से जगजीत सिंह बाबा और कोटकपूरा से रछपाल सिंह सोसन को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
अप्रैल में अमृतपाल को बनाया गया था CM चेहरा
पार्टी ने अप्रैल में अमृतपाल सिंह को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था। अब यदि धूरी से उनका नाम तय होता है तो मुकाबला पंजाब की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में से एक बन सकता है, क्योंकि यहां उनका सीधा मुकाबला मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान से होने की संभावना होगी।
हालांकि, अमृतपाल सिंह के धूरी से चुनाव लड़ने का अंतिम फैसला अभी पार्टी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।
