AdministrationAgricultureBreaking NewsBusinessCentral GovernmentChandigarhCityDelhiFeaturedGovernmentIndiaOilनई दिल्लीपंजाबराज्य समाचार

चीनी के दामों में लगी आग! ₹65 किलो तक पहुंची कीमत, त्योहारों से पहले सरकार ने कसी स्टॉक पर लगाम; सख्ती के आदेश!

Spread the love

Punjab Hotmail, नई दिल्ली। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले चीनी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है। खुदरा बाजार में चीनी का भाव बढ़कर ₹65 प्रति किलो तक पहुंच गया है।

कारोबारियों के मुताबिक, पिछले करीब 15 दिनों में कीमतों में लगभग ₹15 प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। मांग के मुकाबले कम आपूर्ति और सीमित स्टॉक को इसकी बड़ी वजह बताया जा रहा है।

पहली बार ₹60 के पार पहुंचा भाव

कारोबारियों के अनुसार, करीब 15 दिन पहले चीनी ₹48-50 किलो बिक रही थी, जो अब बढ़कर ₹65 किलो तक पहुंच गई है। बाजार में मांग की तुलना में करीब आधी ही आपूर्ति होने का दावा किया जा रहा है।

आने वाले दिनों में रक्षाबंधन, गणेशोत्सव, जन्माष्टमी और दिवाली जैसे त्योहारों के चलते मांग और बढ़ने की संभावना है।

उत्पादन घटा, एथेनॉल का भी असर

कारोबारियों का कहना है कि इस सीजन चीनी का उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में करीब 5 फीसदी कम रहा। वहीं, गन्ने से चीनी के बजाय एथेनॉल उत्पादन को प्राथमिकता दिए जाने से भी चीनी की उपलब्धता प्रभावित हुई है।

नया पेराई सत्र अक्टूबर के अंत या नवंबर की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है।

मिठाई कारोबार पर भी बढ़ा दबाव

चीनी महंगी होने का सीधा असर मिठाई और कन्फेक्शनरी कारोबार पर पड़ रहा है। कारोबारियों के मुताबिक त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने वाली है, लेकिन कच्चे माल की लागत पहले ही 25-30 फीसदी तक बढ़ चुकी है। इससे कारोबारियों के मुनाफे पर दबाव बढ़ रहा है।

15 दिन से ज्यादा स्टॉक नहीं रख सकेंगे कारोबारी

त्योहारी सीजन में जमाखोरी और कृत्रिम कमी पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार ने स्टॉक सीमा तय की है। अधिसूचना के अनुसार, 10 मीट्रिक टन से अधिक मासिक चीनी इस्तेमाल करने वाले डीलर 15 दिनों से ज्यादा का स्टॉक नहीं रख सकेंगे।

यह व्यवस्था 1 सितंबर से 30 नवंबर तक लागू रहने की बात कही गई है।मांग और आपूर्ति के बीच अंतर बना रहा तो आने वाले दिनों में चीनी की कीमतों पर और दबाव पड़ने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *