LPU के Law Gate पर आधी रात हंगामा: गार्डों और युवकों में झड़प, पत्थरबाजी का आरोप; फायरिंग की पुलिस ने नकारा
Punjab Hotmail, फगवाड़ा (कपूरथला)। LPU के लॉ गेट पर 18 और 19 अगस्त की दरमियानी रात निजी सुरक्षा गार्डों और कुछ अज्ञात युवकों के बीच झड़प हो गई। घटना के दौरान पत्थरबाजी के आरोप लगाए गए हैं।
एक सुरक्षा गार्ड ने तीन राउंड फायरिंग का भी दावा किया, हालांकि पुलिस ने फिलहाल फायरिंग की घटना से इनकार किया है।

तेज रफ्तार कार को लेकर शुरू हुआ विवादलॉ गेट के एंट्री पॉइंट पर तैनात सुरक्षा गार्ड काजल के अनुसार, एक कार तेज रफ्तार से गेट की ओर आई और ड्यूटी पर तैनात गार्डों को टक्कर मारने का प्रयास किया।
रोकने पर कार सवारों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सुरक्षा गार्ड कार का पीछा करते हुए भाटिया PG तक पहुंचे, जहां कार सवार अंदर चले गए।
PG की छत से पत्थर फेंकने का आरोप
काजल ने आरोप लगाया कि कुछ देर बाद PG की छत पर करीब 10 से 15 युवक इकट्ठा हो गए और सुरक्षा गार्डों पर पत्थर फेंकने लगे। गार्ड ने यह भी दावा किया कि PG की ओर से तीन राउंड फायरिंग की गई, हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस बोली- फायरिंग की पुष्टि नहीं
दूसरी ओर, पुलिस ने फायरिंग के आरोपों से इनकार किया है। अधिकारियों के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है और सुरक्षा गार्डों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी पुष्टि की जा रही है। फिलहाल मामले में किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
