सत श्री अकाल जालंधर: कैंट रेलवे स्टेशन का 17 जुलाई को PM मोदी करेंगे वर्चुअली उद्घाटन, रेलवे बोर्ड चेयरमैन ‘निरीछण करने पहुंचे’
Punjab Hotmail, जालंधर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन अब उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार है। 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का ऑनलाइन लोकार्पण करेंगे, जिनमें जालंधर कैंट स्टेशन भी शामिल है।

उद्घाटन से पहले शनिवार को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को शेष छोटे-मोटे कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में सतीश कुमार ने कहा कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का बेहद खूबसूरती से री-डेवलपमेंट किया गया है। स्टेशन पर यात्रियों के लिए आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने कहा कि पुराने और नए स्टेशन में जमीन-आसमान का फर्क साफ दिखाई देता है और निरीक्षण के दौरान सामने आई छोटी कमियों को भी जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
चेयरमैन ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और एक साथ 75 अमृत भारत स्टेशनों का राष्ट्र को समर्पण भारतीय रेलवे के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।
वहीं जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल तैयार हो चुके स्टेशनों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है और बाकी परियोजनाओं पर भी लगातार काम जारी है।
हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं पर जानकारी देते हुए सतीश कुमार ने बताया कि देश में 7 अलग-अलग रेल कॉरिडोर पर तेजी से कार्य चल रहा है।
उन्होंने कहा कि इस बार के बजट में भी 7 नई रेलवे लाइनों की घोषणा की गई है, जिन पर योजनाबद्ध तरीके से काम आगे बढ़ाया जा रहा है।
