मेयर चुनाव से पहले कपूरथला में हाईवोल्टेज सियासत! कांग्रेस नेताओं के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, पुलिस सुरक्षा में रेस्टोरेंट और स्वीट्स शॉप सील?
#Kapurthala #MayorElection #Congress #PunjabPolitics #BreakingNews #PunjabNews #DailyTV
Punjab Hotmail, जालंधर/कपूरथला। कपूरथला नगर निगम के मेयर चुनाव से ठीक एक दिन पहले शहर का राजनीतिक माहौल गरमा गया। मंगलवार को कांग्रेस से जुड़े नेताओं और पार्षदों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर विभिन्न विभागों की कार्रवाई के बाद सियासी घमासान शुरू हो गया।

कांग्रेस ने इसे सत्ता पक्ष की “धक्केशाही” बताते हुए चुनाव से पहले दबाव बनाने की कोशिश करार दिया है। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्षद ज्योति धीर के पति डॉ. राजीव धीर के क्लीनिक पर ड्रग कंट्रोलर विभाग की टीम ने पहुंचकर दवाइयों और दस्तावेजों की जांच की।

वहीं कांग्रेस पार्षद नेहा आहूजा के पति विशाल आहूजा के ‘न्यू अहूजा स्वीट्स’ पर नगर निगम की टीम ने अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।

कार्रवाई की सूचना मिलते ही कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

विशाल आहूजा का कहना है कि उन्हें 6 जुलाई को नोटिस देकर तीन दिन का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले ही सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
रात करीब 8 बजे भारी पुलिस सुरक्षा के बीच नगर निगम की टीम ने न्यू अहूजा स्वीट्स और उससे जुड़े रेस्टोरेंट को सील कर दिया।

मेयर चुनाव से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई को लेकर शहर में राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। हालांकि संबंधित विभागों का कहना है कि यह नियमित प्रशासनिक कार्रवाई का हिस्सा है।
