FBI का सनसनीखेज खुलासा! पंजाब पुलिस का इंस्पेक्टर अंतरराष्ट्रीय उगाही रैकेट में नामजद, अमेरिकी परिवार से ₹3.3 करोड़ की फिरौती मांगने का आरोप?
#FBI #PunjabPolice #BreakingNews #ExtortionCase #JagguBhagwanpuria #CrimeNews #PunjabNews #USA #InternationalCrime #DailyTV
Punjab Hotmail, जालंधर/वाशिंगटन। पंजाब पुलिस से जुड़े एक अधिकारी का नाम अंतरराष्ट्रीय उगाही के मामले में सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।

अमेरिका की प्रमुख जांच एजेंसी FBI (फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) ने पंजाब पुलिस के इंस्पेक्टर और टांडा के तत्कालीन SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा को अंतरराष्ट्रीय उगाही और धोखाधड़ी के मामले में संघीय अभियोग (Federal Indictment) में नामजद किया है।
आरोप है कि उन्होंने एक अमेरिकी परिवार से 4 लाख डॉलर (करीब ₹3.3 करोड़) की उगाही के लिए हत्या के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में अभियोग अनसील
अमेरिका के लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में अनसील किए गए अभियोग के अनुसार, गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने कथित तौर पर कुख्यात गैंगस्टर जग्गु भगवानपुरिया के अपराध सिंडिकेट के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया।
जांच एजेंसियों का दावा है कि कैलिफोर्निया के स्टॉकटन में मौजूद सिंडिकेट के सदस्य ने पीड़ित परिवार की जानकारी भारत भेजी, जिसके बाद उनके भारत में रहने वाले रिश्तेदारों को हत्या के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।
हत्या के केस में फंसाने की धमकी देकर मांगी 4 लाख डॉलर की रकम
एफबीआई के अनुसार, अप्रैल 2026 में पीड़ित परिवार के मुखिया को सीधे संदेश भेजकर कहा गया कि यदि 4 लाख डॉलर का भुगतान नहीं किया गया तो उनके परिवार के तीन सदस्यों को भारत में हत्या के झूठे मुकदमे में आरोपी बना दिया जाएगा।
अमेरिकी जांच एजेंसियों का आरोप है कि यह अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट द्वारा कथित भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों की मदद से विदेशों में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों को डराकर करोड़ों रुपये की उगाही करने का संगठित नेटवर्क था।
अमेरिकी न्याय विभाग ने जताई गंभीर चिंता
अमेरिकी न्याय विभाग ने इस मामले को अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध और कथित स्थानीय भ्रष्टाचार के खतरनाक गठजोड़ का उदाहरण बताया है।
विभाग का कहना है कि ऐसे नेटवर्क कानून व्यवस्था का दुरुपयोग कर विदेशों में रहने वाले लोगों को निशाना बनाते हैं और उन्हें झूठे मामलों का डर दिखाकर भारी रकम वसूलने की कोशिश करते हैं।
पंजाब पुलिस की छवि पर उठे बड़े सवाल
यदि अदालत में लगाए गए आरोप साबित होते हैं, तो यह मामला केवल एक पुलिस अधिकारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली, जवाबदेही और संगठित अपराध के साथ कथित संबंधों को लेकर भी गंभीर बहस छेड़ सकता है।
फिलहाल इस मामले ने भारत और अमेरिका दोनों देशों में कानून-व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।
