पीएम मोदी के जालंधर दौरे को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी: 17 जुलाई को सुबह 8 से रात 8 बजे तक कई रूट डायवर्ट, भारी वाहनों और बसों के लिए विशेष व्यवस्था
Punjab Hotmail, जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन दौरे के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शहर में यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए जालंधर कमिश्नरेट पुलिस और जालंधर ग्रामीण पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस सतिंदर सिंह के निर्देशों तथा एडीसीपी ट्रैफिक गुरबाज सिंह और एसीपी ट्रैफिक अजय सिंह की निगरानी में सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक शहर के अंदर और बाहर आने-जाने वाले वाहनों, बाहरी जिलों से आने वाले भारी वाहनों तथा बसों के लिए विशेष डायवर्जन लागू रहेंगे।
एडवाइजरी के अनुसार लुधियाना से अमृतसर जाने वाले भारी वाहन फगवाड़ा–सतनामपुरा–जंडियाला–नकोदर–कपूरथला–सुभानपुर मार्ग से, जबकि लुधियाना से होशियारपुर/पठानकोट जाने वाले वाहन चंडीगढ़ बाईपास (कोनिका रिजॉर्ट)–मेहतियाना–होशियारपुर–दसूहा मार्ग से भेजे जाएंगे।
वहीं मोगा से पठानकोट जाने वाले वाहनों को नकोदर–कपूरथला–सुभानपुर–नडाला–टांडा मार्ग का उपयोग करना होगा।
बसों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। जालंधर-अमृतसर रूट की बसें कपूरथला और सुभानपुर होकर चलेंगी।
जालंधर-होशियारपुर बसें नकोदर चौक, कपूरथला चौक, वेरका मिल्क प्लांट, पठानकोट चौक, किशनगढ़ और आदमपुर होते हुए जाएंगी।
जालंधर-लुधियाना बसों को समरा चौक, 66 फुटी रोड, जमशेर, जीएनए चौक और हवेली होते हुए फगवाड़ा भेजा जाएगा।
वहीं पठानकोट से जालंधर आने वाली बसें पठानकोट चौक, मकसूदां चौक, वर्कशॉप चौक, कपूरथला चौक और नकोदर चौक होकर बस स्टैंड पहुंचेंगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लाल रंग से चिन्हित मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, जबकि हरे रंग से चिन्हित मार्गों को वैकल्पिक (डायवर्जन) रूट के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
दसूहा, टांडा, होशियारपुर, फगवाड़ा, नकोदर, कला संघियां, कपूरथला और सुभानपुर से जालंधर आने वाले वाहनों को निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करना होगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे 17 जुलाई को अपनी यात्रा पहले से योजना बनाकर करें, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और डायवर्जन रूट का इस्तेमाल कर प्रशासन का सहयोग दें, ताकि प्रधानमंत्री का दौरा सुरक्षित एवं शहर का यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।
