AdministrationBreaking NewsChandigarhCityCrimeDelhiFeaturedIndiaJalandharPunjab Policeअपराध समाचारजालंधरपंजाबराज्य समाचार

फर्जी IPS अनमोल बेचता था करोड़ों के सपने! 10वीं पास ने पत्नी-ससुराल और कई लोगों को बनाया ठगी का शिकार… ऐसे किया कारनामा?

Spread the love

जालंधर पुलिस का बड़ा खुलासा: इंस्टाग्राम पर बनाई फर्जी पहचान, पुलिस वर्दी, फर्जी आईडी और एडिटेड न्यूज कटिंग से लोगों को करता था गुमराह

Punjab Hotmail, जालंधर। शाहकोट पुलिस ने खुद को IPS अधिकारी बताकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अनमोल रत्न (30) के मामले में कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी महज 10वीं पास है, लेकिन उसने अपनी बोलचाल, रहन-सहन और सोशल मीडिया पर ऐसी छवि बनाई कि लोग उसे असली IPS अधिकारी समझ बैठे।

पुलिस ने इस मामले में अनमोल रत्न, उसकी पत्नी मनदीप कौर और पिता बलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी का साला अभी फरार बताया जा रहा है।

पहली पत्नी छोड़कर चली गई, फिर इंस्टाग्राम पर बनाई नई पहचान

पुलिस के मुताबिक अनमोल ने करीब तीन साल पहले फतेहगढ़ साहिब की एक अनाथ युवती से शादी की थी। बेटी के जन्म के बाद उसकी ठगी और धोखाधड़ी से परेशान होकर पत्नी बच्ची को लेकर छोड़कर चली गई।

इसके बाद आरोपी ने इंस्टाग्राम पर खुद को IPS अधिकारी बताकर प्रोफाइल बनाई और शाहकोट की रहने वाली मनदीप कौर से दोस्ती कर ली। फर्जी आईडी कार्ड और पुलिस अधिकारी की छवि दिखाकर उसने युवती का भरोसा जीता और दोनों ने बाद में लव मैरिज कर ली।

पत्नी को भी बना लिया ठगी का हिस्सा

शादी के बाद जब मनदीप को पता चला कि अनमोल असली IPS नहीं है, तब आरोपी ने उसे अपने साथ ठगी में शामिल होने के लिए मना लिया। पुलिस के अनुसार मनदीप भी बाद में इस पूरे फर्जीवाड़े का हिस्सा बन गई।

आरोपी ने पत्नी की पुलिस वर्दी में तस्वीरें तैयार कर सोशल मीडिया पर शेयर कीं, ताकि लोग उसे भी पुलिस अधिकारी समझें।

सबसे पहले साली को बनाया शिकार, नौकरी के नाम पर ठगे लाखों

आरोपी ने सबसे पहले अपनी साली रवीन कौर को पुलिस भर्ती का झांसा दिया और दावा किया कि वह मनदीप को पुलिस में भर्ती करवा चुका है। उसने साली से भर्ती के नाम पर 15 लाख रुपये ठग लिए।

इसके अलावा साले और उसके संपर्क में आए तीन अन्य लोगों से भी करीब 16 लाख रुपये ऐंठ लिए। ठगी के पैसों से आरोपी ने आलीशान कोठी खरीदी और शोरूम भी खोल लिया।

मैसूर-बेंगलुरु घुमाकर देता रहा ट्रेनिंग का झांसा

जब पीड़ितों ने नियुक्ति पत्र मांगा तो आरोपी उन्हें मैसूर, चंडीगढ़ और बेंगलुरु ले जाकर फर्जी ट्रेनिंग का झांसा देता रहा। लेकिन कहीं भी कोई भर्ती प्रक्रिया नहीं हुई। इसी दौरान साली को शक हुआ और उसने शाहकोट थाने में शिकायत दर्ज करा दी।

अखबारों की कटिंग एडिट कर खुद को बताता था IPS

पूछताछ में यह भी सामने आया कि अनमोल अखबारों में छपी पुलिस कार्रवाई की खबरों को एडिट कर उनमें अपना नाम और फोटो जोड़ देता था।

इन फर्जी कटिंग्स को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों को विश्वास दिलाता था कि वह IPS अधिकारी है। इसी झूठी पहचान के दम पर उसने कई लोगों को अपने जाल में फंसाया।

मोबाइल लोकेशन से दबोचा गया आरोपी

शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी फरार होकर हजूर साहिब चला गया था। शाहकोट पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब पूरे नेटवर्क और ठगी से अर्जित संपत्तियों की जांच कर रही है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *