Breaking NewsChandigarhCityDevlopmentElectionsGovernmentJalandharPoliticsPunjab Hotmailजालंधरदेश-विदेशपंजाबराजनीति समाचारराज्य समाचार

पंजाब को गैंगस्टरों के रहमोकरम पर छोड़ दिया भगवंत मान सरकार ने: परगट सिंह

Spread the love

सचिन पायलट बोले—पंजाब बन चुका है पुलिस स्टेट, फिरौती न देने पर दुकानदारों तक की हो रही हत्याएं; कांग्रेस ने पीड़ित परिवारों को इंसाफ की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया

पंजाब हॉटमेल ब्यूरो, जालंधर। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह और पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के पांच दिवसीय दौरे के दौरान जालंधर पहुंचने पर जिला कांग्रेस भवन में उनका भव्य स्वागत किया गया।

इस मौके पर दोनों नेताओं ने पंजाब की कानून-व्यवस्था और बढ़ते गैंगस्टरवाद को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिकों से लेकर व्यापारियों तक में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

‘पुलिस स्टेट बन चुका है पंजाब’, अपराध पर नियंत्रण में सरकार नाकाम: सचिन पायलट

परगट सिंह और सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पंजाब को पुलिस स्टेट बना दिया है, लेकिन इसके बावजूद गैंगस्टरों और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा।

सचिन पायलट ने कहा कि राज्य में दुकानदारों और व्यापारियों को फिरौती के लिए धमकियां मिलने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि फिरौती की मांग पूरी नहीं करने पर लोगों की हत्या तक की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऐसी घटनाएं सरकार की कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ लड़ाई में पीड़ित परिवारों के साथ कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ आवाज उठाते हुए अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के दुख में पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इंसाफ की लड़ाई में कांग्रेस उन्हें हर संभव सहयोग देगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को भय और असुरक्षा के माहौल से बाहर निकालना जरूरी है। राज्य में ऐसा वातावरण बनाया जाना चाहिए, जहां व्यापारी बिना किसी डर के अपना कारोबार कर सकें, आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करें और युवाओं को नशे तथा अपराध के रास्ते पर जाने से बचाया जा सके।

जालंधर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की जुटान को बताया बदलाव का संकेत

जिला कांग्रेस भवन में बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब को विकास, तरक्की और खुशहाली की राह पर वापस लाने के लिए राजनीतिक बदलाव जरूरी है।

परगट सिंह और सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस कानून-व्यवस्था, नशे और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर अदालत तक उनकी लड़ाई में साथ देगी।

कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला कांग्रेस शहरी प्रधान राजिंदर कुमार बेरी, विधायक हरदेव सिंह लाडी, विधायक बावा हैनरी, पूर्व विधायक सुरिंदर चौधरी, हलका इंचार्ज सुरिंदर कौर, डॉ. नवजोत सिंह दहिया, राजिंदर सिंह,

पार्षद डॉ. जसलीन सेठी, पार्षद शैरी चड्ढा, पार्षद पवन कुमार, पूर्व पार्षद प्रभ दयाल भगत, अमृत भोसले, रविश राज शर्मा, जिला महिला कांग्रेस प्रधान अनुराधा बंगा, जगदीप सिंह सोनू संधर, रछपाल जक्खू, सुरजीत सिंह, सुदेश भगत और सतपाल मीका सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *