AdministrationBreaking NewsChandigarhCityCrimeEducationFeaturedFoodGovernmentIndiaJalandharPunjab GovernmentPunjab Policeअपराध समाचारजम्मू और कश्मीरजालंधरदेश-विदेशपंजाबबिहारराज्य समाचार

जालंधर CT इंस्टीट्यूट में कश्मीरी और दूसरे छात्र गुटों में झड़प, हॉस्टल में तोड़फोड़; 5-6 घायल, पुलिस बोली- हथियार नहीं चले; प्रबंधन बोला- कुछ नहीं हुआ!

Spread the love

Punjab Hotmail, जालंधर। जालंधर के CT इंस्टीट्यूट के शाहपुर कैंपस में छात्रों के बीच विवाद के बाद हंगामा हो गया। घटना के दौरान हॉस्टल में तोड़फोड़ की गई और कई जगह कांच टूट गया।

सामने आए वीडियो में कैंपस के अंदर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। कुछ वीडियो में छात्र हाथों में क्रिकेट बैट और रॉड लिए भी नजर आ रहे हैं, जबकि पुलिस ने डंडे, बैट या किसी तेजधार हथियार के इस्तेमाल से इनकार किया है।

खाने में टैबलेट मिलने के आरोप से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार विवाद कैंटीन के खाने को लेकर शुरू हुआ। बताया गया कि कुछ छात्रों को खाने में टैबलेट जैसी चीज और उसका रैपर मिलने के बाद विवाद हुआ।

खुद को बिहार का बताने वाले कुछ छात्रों का आरोप है कि उन्होंने इसकी शिकायत इंस्टीट्यूट प्रशासन और कैंटीन संचालक से की थी और वे पिछले दो दिनों से बेहतर खाना देने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

पुलिस का कहना है कि इसी मामले को लेकर छात्रों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।

थाना-5 के SHO यादविंदर सिंह ने बताया कि सभी छात्र प्रथम वर्ष के हैं और उनकी उम्र करीब 16-17 वर्ष है। उन्होंने कहा कि छात्रों के बीच किसी हथियार के इस्तेमाल की पुष्टि नहीं हुई है।

5-6 छात्र घायल होने का दावा

झड़प में 5 से 6 छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है। इनमें अधिकांश नाबालिग बताए जा रहे हैं। वीडियो में एक छात्र सिर पर कपड़ा बांधे नजर आया, जबकि एक अन्य छात्र ने पैर में चोट लगने का दावा किया।

पुलिस ने मामले को शांत करवाने के बाद जांच शुरू कर दी है। एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा ने मामले की जांच की बात कही है।

वीडियो में ईंट-पत्थर और बैट नजर आने का दावाघटना से जुड़े अलग-अलग वीडियो में पुलिस एक पक्ष के छात्रों को समझाती नजर आ रही है। इसी दौरान कुछ छात्रों द्वारा ईंट-पत्थर फेंके जाने का दावा किया जा रहा है।

कुछ वीडियो में युवकों के हाथों में क्रिकेट बैट और लोहे की रॉड भी दिखाई दे रही है। हॉस्टल के कमरों में टूटे कांच और क्षतिग्रस्त खिड़कियों के दृश्य भी सामने आए हैं।

हालांकि, इन वीडियो में दिखाई दे रही वस्तुओं और घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने फिलहाल डंडे, बैट या तेजधार हथियार चलने की बात से इनकार किया है।

धार्मिक रंग देने के आरोप पर पुलिस की नजर

खुद को बिहार का बताने वाले एक घायल छात्र ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान कश्मीरी छात्रों ने उसके साथ मारपीट की और धार्मिक नारे लगाए। पुलिस ने मामले को धार्मिक रंग देने की कोशिश किए जाने की बात कही है।

इन आरोपों की भी जांच की जा रही है और किसी पक्ष के दावे को पुलिस जांच पूरी होने से पहले अंतिम तथ्य नहीं माना जा सकता।

हिंदू संगठनों के नेताओं को गेट पर रोका

देर शाम बजरंग दल और कुछ हिंदू नेता भी CT इंस्टीट्यूट पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कैंपस के गेट पर ही रोक दिया। सामने आए वीडियो में पुलिस उन्हें अंदर जाने से रोकती दिखाई दे रही है।

इसके बाद एक नेता ने छात्र को फोन किया, जहां से कथित तौर पर बताया गया कि अंदर बाउंसर छात्रों को बाहर नहीं आने दे रहे हैं।

शुक्रवार को बंद रहेगा इंस्टीट्यूट

पंजाब बंद के चलते शुक्रवार को इंस्टीट्यूट बंद रखने की जानकारी प्रबंधन की ओर से दी गई है। जारी संदेश के मुताबिक, केवल जरूरी काम के लिए ड्यूटी पर तैनात स्टाफ ही इंस्टीट्यूट में मौजूद रहेगा।

पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण होने की बात कही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *