जालंधर में आधी रात ‘कब्जा कांड’! करोड़ों की प्रॉपर्टी पर धावा, हथियारबंद गिरोह ने गार्डों पर बोला हमला; मुख्य आरोपी राजन सिद्धू गिरफ्तार
मॉडल टाउन में मची सनसनी, पुलिस को भी दी धमकी—’यहां से चले जाओ, नहीं तो अंजाम बुरा होगा’
जालंधर | शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में करोड़ों रुपये की विवादित प्रॉपर्टी पर आधी रात कथित कब्जे की कोशिश ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। आरोप है कि इनोवा गाड़ी में सवार 15 से 20 हथियारबंद लोग, जिन्होंने निहंगों जैसा बाणा पहन रखा था, देर रात निर्माणाधीन इमारत में जबरन घुस गए।

उन्होंने वहां मौजूद सुरक्षा गार्डों पर जानलेवा हमला कर उन्हें मौके से खदेड़ दिया और प्रॉपर्टी पर कब्जा करने का प्रयास किया।
पुलिस पहुंची तो उन्हें भी दी खुली धमकी
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार आरोपी इमारत के अंदर ऊंची आवाज में ललकारे मार रहे थे, गालियां दे रहे थे और हाथों में किरपान व अन्य घातक हथियार लहरा रहे थे।
जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने कथित तौर पर कहा—“यहां से चले जाओ, नहीं तो अंजाम बुरा होगा।” पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने सरकारी ड्यूटी में भी बाधा डाली।
मुख्य आरोपी राजन सिद्धू गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा पुलिस रिमांड पर
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से अमरप्रीत सिंह सिद्धू उर्फ राजन सिद्धू निवासी जालंधर हाइट्स-1 को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले में पुलिस ने राजन सिद्धू के अलावा उसकी बहन रंजीव ग्रेवाल, ड्राइवर विनय कुमार और 15-20 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
21.75 मरले की प्रॉपर्टी को लेकर पहले से चल रहा है विवाद
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 18 जून को इसी 21.75 मरले जमीन के विवाद में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता डॉ. जसनीव कपूर ने आरोप लगाया था कि उन्होंने वर्ष 2022 में उक्त प्रॉपर्टी खरीदी, नगर निगम से नक्शा पास करवाया, बैंक से करीब 90 लाख रुपये का लोन लेकर निर्माण कार्य शुरू किया और तीन मंजिल तक इमारत तैयार कर ली।
डॉ. कपूर का आरोप है कि प्रॉपर्टी की कीमत बढ़ने के बाद राजन सिद्धू और उसके साथियों ने इमारत पर कब्जा करने की साजिश रची। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें निर्माणाधीन इमारत में जाने से रोका गया और जान से मारने की धमकियां दी गईं।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
