जालंधर के इमीग्रेशन सेंटर में हंगामा: पासपोर्ट लौटाने के बदले ₹3 हजार मांगने का आरोप, विवाद के बाद थाने पहुंचा मामला!
Punjab Hotmail Bureau, जालंधर। ताज मार्केट स्थित रॉयल ओवरसीज कंसलटेंट के दफ्तर में पासपोर्ट वापस लेने को लेकर विवाद हो गया।
लुधियाना के राहों रोड (बस्ती जोधेवाल) निवासी संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि उसने मलेशिया का वर्क परमिट लगवाने के लिए ट्रैवल एजेंसी को अपना पासपोर्ट दिया था, लेकिन कंपनी की ओर से उसे टूरिस्ट वीजा पर भेजने की तैयारी की जा रही थी।

जब उसने पासपोर्ट वापस मांगा तो एजेंसी संचालकों ने कथित तौर पर पासपोर्ट लौटाने से इनकार करते हुए ₹3 हजार की मांग की।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और कार्यालय में हंगामा हो गया। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब पीड़ित पक्ष की ओर से पासपोर्ट वापस लेने के दबाव में कार्यालय से एक मोबाइल फोन उठा लिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई।
घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस को मौके पर बुलाया। संदीप कुमार का कहना है कि उसने एजेंसी को कोई पैसा नहीं दिया था और केवल डील को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन इसके बावजूद पासपोर्ट वापस नहीं किया जा रहा था।
पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस दोनों आरोपों की कर रही जांचमौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को शांत कराया।
जांच अधिकारी ASI सुच्चा सिंह ने बताया कि पासपोर्ट रोकने और मोबाइल फोन उठाने, दोनों आरोपों की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मौके पर पहुंचे समाजसेवी सम्राट ने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेकर मोबाइल फोन उठाना गलत कदम था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की पूरी जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
