कनाडा में 16 पंजाबी युवकों पर शिकंजा, जबरन वसूली और हिंसक घटनाओं से जुड़े 56 आरोप!
कैलगरी पुलिस ने 15 आरोपितों की तस्वीरें जारी कर मांगी जानकारी, एक हिरासत में; बाकी जमानत पर रिहा
Punjab Hotmail Bureau, ब्यूरो। कनाडा के कैलगरी शहर में दक्षिण एशियाई समुदाय को निशाना बनाकर कथित तौर पर की गई हिंसक जबरन वसूली की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने 16 लोगों पर 56 आरोप लगाए हैं।

कैलगरी पुलिस सर्विस (CPS) ने 15 आरोपितों की तस्वीरें जारी करते हुए जनता से संदिग्धों और उनके सहयोगियों के संबंध में जानकारी देने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, जबरन वसूली से संबंधित मामलों में कुल 16 लोगों को आरोपित किया गया है। इनमें से एक व्यक्ति फिलहाल हिरासत में है, जबकि अन्य आरोपितों को जमानत पर रिहा किया जा चुका है।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपितों में से कोई भी कनाडाई नागरिक नहीं है।
अप्रैल 2025 से 49 घटनाएं, 19 में हुई गोलीबारी
कैलगरी पुलिस के मुताबिक, अप्रैल 2025 से अब तक जबरन वसूली से संबंधित 49 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें 19 गोलीबारी की घटनाएं शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि 18 गोलीबारी की घटनाओं में पीड़ितों या उनकी संपत्ति को निशाना बनाया गया, जबकि एक घटना में संदिग्धों ने कथित तौर पर एक-दूसरे पर गोली चलाई।
पुलिस ने जारी तस्वीरों के जरिए लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें आरोपितों या उनके सहयोगियों के बारे में कोई जानकारी है तो वे जांच में पुलिस का सहयोग करें।
