LPU में BSc छात्रा की मौत: हॉस्टल की 8वीं मंजिल से गिरने की घटना, तेलंगाना की रहने वाली थी लक्ष्मी!
Punjab Hotmail Bureau, फगवाड़ा/जालंधर। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में गुरुवार दोपहर एक दुखद घटना सामने आई, जहां ब्लॉक-57 की 8वीं मंजिल से गिरने के बाद BSc थर्ड ईयर की छात्रा लक्ष्मी की मौत हो गई। लक्ष्मी मूल रूप से तेलंगाना की रहने वाली थी और यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी।

घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जानकारी मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को कब्जे में लेकर फगवाड़ा सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मौत के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मृतका के दोस्तों, सहपाठियों और हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं से पूछताछ कर रही है।
छात्रा के मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के पंजाब पहुंचने और उनके बयानों के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद LPU कैंपस और हॉस्टल में शोक का माहौल है। छात्रा की मौत से साथी विद्यार्थी भी सदमे में हैं।
