नम आंखों से हरमन प्यारे पूर्व मंत्री चुनी लाल भगत को अंतिम विदाई, सरकारी सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
मंत्री बेटे मोहिंदर भगत समेत परिवार ने दी श्रद्धांजलि, पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर; राजनीतिक, व्यापारिक, धार्मिक और सामाजिक जगत की हस्तियां पहुंचीं
Punjab Hotmail Bureau, जालंधर। पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के पिता एवं पूर्व मंत्री चुनी लाल भगत (93) का आज मॉडल हाउस स्थित श्मशान घाट में सरकारी सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

इस दौरान राजनीतिक नेताओं, सामाजिक प्रतिनिधियों, व्यापारिक जगत और बड़ी संख्या में नागरिकों ने नम आंखों से अपने हरमन प्यारे नेता को अंतिम विदाई दी।
उनकी चिता को उनके पुत्र अश्वनी कुमार भगत ने मुखाग्नि दी। इस दौरान पुत्र मंत्री मोहिंदर भगत, पौत्र अतुल भगत और अन्य पारिवारिक सदस्य भी मौजूद रहे। वहीं जालंधर पुलिस की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान की ओर से डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने स्वर्गीय चुनी लाल भगत की पार्थिव देह पर फूल-मालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बागबानी एवं रक्षा सेवा विभाग की ओर से भी श्रद्धांजलि दी गई।

1 दिसंबर 1932 को सियालकोट (अब पाकिस्तान) में जन्मे चुनी लाल भगत के पिता महंगा राम और माता रुकमणी देवी थीं। भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद उनका परिवार जालंधर आ गया।

परिवार ने खेल-सामग्री से संबंधित निर्यात कारोबार शुरू किया और आज यह परिवार इस क्षेत्र के प्रसिद्ध निर्यातक परिवारों में शामिल है।चुनी लाल भगत का राजनीतिक सफर भी महत्वपूर्ण रहा।

2011 में वह पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर चुने गए, जबकि 2012 से 2017 तक कैबिनेट मंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निकाय, मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान, श्रम तथा वन एवं वन्य जीव विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों का कार्यभार संभाला।

पंजाब सरकार के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उनके निधन पर राज्य शोक के रूप में प्रदेश के सभी सरकारी संस्थानों में दोपहर बाद आधे दिन की छुट्टी भी घोषित की गई थी।

अंतिम संस्कार में सांसद राज कुमार चब्बेवाल, मेयर वनीत धीर, अजीत प्रकाशन समूह से बरजिंदर सिंह हमदर्द, उत्तम हिंदू के मुख्य संपादक इरविन खन्ना, पंजाब कृषि विकास बैंक के चेयरमैन पवन कुमार टीनू, जिला योजना समिति के चेयरमैन अमृतपाल सिंह, मुस्लिम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन अब्दुल बाहरी सलमानी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व विधायक केडी भंडारी, भाजपा पंजाब एससी मोर्चा के अध्यक्ष शीतल अंगुराल, जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की, पूर्व विधायक सर्बजीत सिंह मक्कड़, रोबिन सांपला, अकाली दल के शहरी प्रधान इकबाल सिंह ढींडसा,

पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन मंगल बस्सी, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह, ट्रेडर्स कमीशन के सदस्य इंदरवंश चड्ढा, पंजाब गौ सेवा आयोग के वाइस चेयरमैन कीमती भगत, हलका इंचार्ज नितिन कोहली और राजविंदर कौर थियाड़ा सहित समाज के हर वर्ग की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
स्वर्गीय चुनी लाल भगत अपने पीछे परिवार छोड़ गए हैं। उनके चार पुत्रों और चार पुत्रियों में से एक पुत्र और एक पुत्री का पहले ही निधन हो चुका है।
