नशे ने छीनी युवक की जिंदगी, दोस्तों ने खेत में दफनाया शव; 14 दिन बाद खुला राज… पढ़ें और देखें
पंजाब हॉटमेल, कपूरथला। कपूरथला के गांव देसल में नशे के दौरान तबीयत बिगड़ने से एक युवक की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मौत के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने घटना को छिपाने के लिए शव को खेत में दफना दिया। करीब 14 दिन बाद पुलिस ने शव बरामद कर मामले का खुलासा किया।

मृतक की पहचान अमनदीप सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी देसल के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक अमनदीप 14 अगस्त को गांव के कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
परिवार ने मामले की सूचना थाना फत्तूढींगा पुलिस को दी और उसकी तलाश शुरू की गई। परिजनों ने अमनदीप की मोबाइल डिटेल खंगाली तो पता चला कि उसने आखिरी बार कुछ दोस्तों से बातचीत की थी। इसके बाद परिवार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
दो दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ, खेत से मिला शव
थाना फत्तूढींगा पुलिस ने मामले में गांव के वरिंदर और पलविंदर उर्फ अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। थाना फत्तूढींगा के एसआई दिलबाग सिंह के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को खेत में शव दबाए जाने की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर कार्रवाई करते हुए धान के खेत से अमनदीप सिंह का शव बरामद कर लिया। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल कपूरथला भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को खेत में दफनाने के पीछे आरोपियों की क्या मंशा थी।
