AdministrationBreaking NewsChandigarhCityCrimeJalandharPunjab Policeअपराध समाचारजालंधरपंजाबराज्य समाचार

50 लाख की लूट की गुत्थी सुलझी: व्यापारी पर हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, पुराने कर्मचारी युवती-ड्राइवर निकले साजिशकर्ता!

Spread the love

Punjab Hotmail, जालंधर। सूर्या एनक्लेव एक्सटेंशन के पास 120 फीट रोड पर लोहा व्यापारी ललित मित्तल से 50 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सोमवार रात करीब 7:50 बजे कार सवार 5 बदमाशों ने व्यापारी की कार को घेरकर रॉड से शीशे तोड़ दिए थे और उनके माथे पर हमला कर कैश से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे।

पहले से थी व्यापारी की गतिविधियों की जानकारी?

जानकारी के अनुसार, पुलिस जांच में एक युवती और व्यापारी के पुराने ड्राइवर की कथित भूमिका सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, युवती कुछ महीने पहले व्यापारी की दुकान पर काम करती थी।

आरोप है कि उसने पुराने ड्राइवर के साथ मिलकर व्यापारी की गतिविधियों और नकदी के बारे में जानकारी जुटाई और इसके बाद वारदात की योजना बनाई।

वारदात के बाद आरोपी हिमाचल प्रदेश की ओर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाकों और घटनास्थल के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज और अन्य जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पहले ही हो गया था पीछा किए जाने का शक

पीड़ित व्यापारी ललित मित्तल ने घटना के बाद बताया था कि वह टांडा रोड स्थित अपने कार्यालय से घर की ओर जा रहे थे। उनका घर सूर्या एनक्लेव में है, इसलिए वह किशनपुरा स्थित दुग्गल बेकरी से होते हुए 120 फीट रोड की तरफ पहुंचे।

व्यापारी के मुताबिक, रास्ते में उन्हें महसूस हुआ कि एक सफेद रंग की कार उनका पीछा कर रही है। 120 फीट रोड पर स्ट्रीट लाइटें बंद थीं। उन्होंने कार की रफ्तार बढ़ाई, लेकिन पीछे आ रही कार अचानक उनके आगे आ गई।

उन्होंने कार रोकने का इशारा किया तो आरोपियों ने गाड़ी पीछे की और फिर उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

इसके बाद बदमाशों ने उनकी कार को घेर लिया। रॉड से कार के शीशे तोड़े गए और व्यापारी के माथे पर वार किया गया। हमलावर कैश से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में करेगी पूरा खुलासा

फिलहाल पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की क्या भूमिका थी और लूटी गई रकम में से कितनी राशि बरामद हुई है।

गौरतलब है कि ललित मित्तल सीजेएस स्कूल के मालिक होने के साथ-साथ सूर्या एनक्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव भी हैं। हाई-प्रोफाइल लूट की इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *