रक्षाबंधन पर जालंधर सेंट्रल की महिलाओं को बड़ा तोहफा: नितिन कोहली ने 59 करोड़ के विकास कार्यों का किया ऐलान; सखियों का भी करेंगे सम्मान!
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। रक्षाबंधन से पहले आम आदमी पार्टी के जालंधर सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली ने महिलाओं के लिए विकास और सम्मान से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कीं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि अगले छह महीनों में जालंधर सेंट्रल में करीब 59 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जाएंगे। इनमें सड़कें, सीवरेज, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइटिंग और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सभी कार्य पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे ताकि लोगों को लंबे समय तक लाभ मिल सके।
29 अगस्त को होगा विशेष रक्षाबंधन सम्मान समारोह
नितिन कोहली ने घोषणा की कि 29 अगस्त को विशेष रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना को घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाली “सखियों” को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन महिलाओं ने पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मावां-धियां सत्कार योजना के लाभार्थियों की दी जानकारी
कोहली ने बताया कि अब तक योजना का लाभ करीब 60 प्रतिशत पात्र महिलाओं तक पहुंच चुका है। योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 रुपये और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।
उन्होंने भरोसा जताया कि शेष पात्र परिवारों को भी जल्द इस योजना के दायरे में शामिल किया जाएगा।
घर बैठे आवेदन और स्वास्थ्य बीमा कार्ड की सुविधा
लाभार्थियों की सुविधा के लिए वन कॉल डोर-टू-डोर सेवा शुरू की गई है। अब लोग 0181-501-8181 पर संपर्क कर मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना और 10 लाख रुपये के मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा कार्ड के लिए घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर उनकी टीम घर जाकर भी यह सुविधा उपलब्ध कराएगी।
जरूरतमंदों के लिए मुफ्त ई-रिक्शा सेवा
नितिन कोहली ने बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी भी पात्र व्यक्ति को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए निशुल्क ई-रिक्शा सेवा भी शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हर पात्र लाभार्थी तक सरकारी सुविधाएं आसानी से पहुंचाना है।
महिला सशक्तिकरण को बताया प्राथमिकता
कोहली ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के समावेशी विकास के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल जालंधर सेंट्रल के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और महिलाओं के योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
