पंजाब की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा! राहुल का ‘कैप्टन प्रेम’ और मोदी-बादल मुलाकात बनी सुर्खियां… कैसा होगा 2027 का रोड मैप?
पंजाब हॉटमेल, नई दिल्ली/चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में एक बार फिर नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
एक ओर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi द्वारा Amarinder Singh की खुलकर तारीफ चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर Narendra Modi और Sukhbir Singh Badal की मुलाकात ने भी राजनीतिक हलकों में अटकलों को हवा दे दी है।

राहुल गांधी ने एक इंटरव्यू के दौरान भाजपा में अपने पसंदीदा नेता के सवाल पर बिना हिचकिचाहट कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया। उन्होंने कहा कि कैप्टन उनके पसंदीदा नेताओं में से एक हैं, सैन्य इतिहास के बेहतरीन जानकार हैं और उनके साथ काम करने का अनुभव भी अच्छा रहा है।

राहुल के इस बयान को पंजाब की राजनीति में संभावित राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
उधर, शुक्रवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात भी चर्चा में रही। हालांकि, इस बैठक में किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

इसके बावजूद राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को आगामी चुनावों और संभावित नए गठबंधन की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
फिलहाल दोनों घटनाओं पर किसी भी तरह के राजनीतिक बदलाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इन घटनाक्रमों ने पंजाब की राजनीति में चर्चाओं का दौर जरूर तेज कर दिया है।
