AdministrationBreaking NewsChandigarhCityFeaturedGovernmentHealthJalandharPunjab Governmentजालंधरपंजाबराज्य समाचारस्वास्थ्य समाचार

जालंधर सिविल अस्पताल के NICU वार्ड में तड़के भीषण आग, 4 नवजातों को सुरक्षित निकाल बड़ा हादसा टला!

Spread the love

पंजाब हॉटमेल, जालंधर: शहर के सिविल अस्पताल के NICU (निक्कू) वार्ड में मंगलवार तड़के करीब 5 बजे अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

वार्ड में भर्ती 4 नवजात बच्चों और उनकी माताओं को अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों व स्टाफ ने तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले वार्ड में लगे एसी से धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद अचानक आग भड़क गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अत्यधिक गर्म होने के कारण एसी में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लगी।

हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।आग की लपटों के साथ कुछ ही देर में पूरे वार्ड में जहरीला और घना धुआं फैल गया।

धुएं के कारण नवजात शिशुओं, उनकी माताओं और अस्पताल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत वार्ड खाली कराया और सभी मरीजों को दूसरे सुरक्षित वार्डों में शिफ्ट कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और वार्ड में फैले धुएं को बाहर निकालने का काम किया।

दमकल अधिकारियों के अनुसार, एक एसी में लगी आग का असर दूसरे एसी और कमरे की बिजली की वायरिंग तक पहुंच गया, जिससे तारें पूरी तरह जल गईं।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी चारों नवजात पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि आग की चपेट में आने से वार्ड में रखे बेड, गद्दे, बिजली के उपकरण और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।

आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वार्ड की दीवारें भी काली पड़ गईं।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *