पंजाब के चर्चित CLU घोटाले में ED का बड़ा एक्शन! सनटेक सिटी के प्रमोटर अजय सहगल गिरफ्तार
Punjab Hotmail, जालंधर। Enforcement Directorate की Jalandhar यूनिट ने पंजाब के बहुचर्चित Change of Land Use (CLU) मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सनटेक सिटी इंडियन कोऑपरेटिव हाउसिंग बिल्डिंग सोसाइटी के प्रमोटर अजय सहगल को गिरफ्तार कर लिया है।

इस कार्रवाई के बाद रियल एस्टेट और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
जमीन मालिकों और खरीदारों से धोखाधड़ी के आरोप
मिली जानकारी के अनुसार अजय सहगल पर जमीन मालिकों और प्लॉट खरीदारों के साथ धोखाधड़ी करने के साथ-साथ मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि ईडी टीम ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था, जिसके बाद पर्याप्त सबूत मिलने पर गिरफ्तार कर लिया गया।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी को अब मोहाली की अदालत में पेश किया जाएगा, जहां ईडी रिमांड की मांग कर सकती है ताकि पूरे नेटवर्क और पैसों के लेन-देन की जांच की जा सके।
फर्जी दस्तावेजों के जरिए हासिल किया गया CLU
जांच एजेंसियों के अनुसार अजय सहगल ने करीब 15 जमीन मालिकों की लगभग 30.5 एकड़ जमीन के लिए कथित तौर पर फर्जी सहमति पत्र तैयार किए।
आरोप है कि इन दस्तावेजों में नकली हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगाकर Change of Land Use (CLU) की मंजूरी हासिल की गई।सूत्रों का दावा है कि इस कथित हेराफेरी के जरिए 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का घोटाला किया गया।
मामले में कई अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है।
💰 मनी ट्रेल और नेटवर्क की जांच में जुटी ED
Enforcement Directorate अब पूरे मामले में पैसों के लेन-देन, संपत्तियों और अन्य जुड़े लोगों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस कथित घोटाले में किन-किन लोगों को फायदा पहुंचाया गया और मनी ट्रेल कहां तक जुड़ा हुआ है।
इस कार्रवाई को पंजाब में रियल एस्टेट से जुड़े बड़े घोटालों के खिलाफ ईडी की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
