स्वतंत्रता दिवस से पहले बड़ी कार्रवाई: KLF से जुड़े 4 संदिग्ध गिरफ्तार, बड़ी आतंकी साजिश नाकाम करने का दावा, चमियारी चौंकी पर हमले के आरोपी!
पंजाब हॉटमेल, अमृतसर/चंडीगढ़: स्वतंत्रता दिवस से पहले अमृतसर देहात पुलिस ने अजनाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (KLF) से जुड़े चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी स्वतंत्रता दिवस के आसपास किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। फिलहाल चारों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करणवीर सिंह, मनदीप सिंह, सुखदीप सिंह और प्रदीप सिंह (सभी निवासी रामदास क्षेत्र) के रूप में हुई है। एसएसपी कंवल प्रीत सिंह ने बताया कि यह मॉड्यूल पहले भी पुलिस थानों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर बोतल बम एवं ग्रेनेड हमलों में शामिल रहा है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इनकी गतिविधियां कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर संचालित हो रही थीं।
पुलिस जांच में यह भी दावा किया गया है कि 23 जुलाई की आधी रात अजनाला थाना क्षेत्र की चमियारी पुलिस चौकी पर हुए बोतल बम हमले में भी इसी गिरोह की भूमिका थी।
उस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था और उस समय हमले की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं की गई थी, लेकिन अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उस वारदात के तार भी जोड़े जा रहे हैं।
इसके अलावा पुलिस का कहना है कि मजीठा में एएसआई जोगा सिंह की हत्या तथा खासा स्थित सेना क्षेत्र के बाहर हुए विस्फोट में भी इसी मॉड्यूल की कथित संलिप्तता सामने आई है।
चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की तैयारी की गई है। रिमांड के दौरान हथियारों की सप्लाई, फंडिंग, पाकिस्तान स्थित कथित हैंडलरों से संपर्क और पूरे आतंकी मॉड्यूल से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जल्द विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की जानकारी साझा की जाएगी।
