सतीश पूनिया का आज जालंधर दौरा, BJP कार्यकर्ताओं में दिखेगा जोश; संगठन मजबूती और 2027 की तैयारियों पर होगा मंथन!
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल ने भाजपा पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया व प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों से की शिष्टाचार भेंट
पंजाब हॉटमेल, जालंधर/चंडीगढ़ (मनमोहन सिंह): भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रभारी, राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महामंत्री सतीश पूनिया 1 सितंबर को जालंधर पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वह प्रधानमंत्री सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विशेष कार्यशाला में शामिल होंगे।
इसके साथ ही प्रदेश पदाधिकारियों, जोनल इंचार्ज, जिला इंचार्ज व सह-इंचार्ज समेत विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेकर संगठन की गतिविधियों और पंजाब की राजनीतिक परिस्थितियों की समीक्षा करेंगे।

संगठन की मजबूती और 2027 चुनाव की रणनीति पर फोकस
भाजपा जिला जालंधर शहरी के अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में दौरे की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। उन्होंने कहा कि सतीश पूनिया का जालंधर आगमन संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उनके कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन से पंजाब भाजपा को नई ऊर्जा और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट दिशा मिलेगी।

हिक्की ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री सेवा संकल्प अभियान इसी विचार को आम जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि पूनिया दिनभर होने वाली विभिन्न बैठकों में बूथ स्तर से प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा पंजाब में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और जनाधार को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
बैठक में जिला महामंत्री राजेश कपूर, जिला उपाध्यक्ष मनीष विज, अमित सिंह संधा, श्याम शर्मा, योगेश मल्होत्रा, अश्विनी अटवाल, अमित भाटिया, अशोक चड्ढा, प्रमोद कश्यप, बलजीत प्रिंस, अनिल शर्मा, आर.के. मल्होत्रा, मोहिंदर भगत सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सतीश पूनिया के नेतृत्व में भाजपा 2027 में पंजाब में सरकार बनाएगी : शीतल अंगुराल
जालंधर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने सोमवार को भाजपा पंजाब मुख्यालय, चंडीगढ़ में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तथा पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया और भाजपा पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर शीतल अंगुराल ने दोनों वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त किया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, अनुसूचित जाति समाज तक भाजपा की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
शीतल अंगुराल ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पंजाब में भी पार्टी तेजी से जनाधार बढ़ा रही है और कार्यकर्ताओं के परिश्रम तथा सतीश पूनिया के नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करते हुए सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश भर में समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
भाजपा पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने शीतल अंगुराल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भी संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर बल दिया।
इस दौरान पंजाब में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा समाज के विभिन्न वर्गों को भाजपा के साथ जोड़ने संबंधी विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
