पुलिस चौकी से महज 50 कदम दूर युवक की गोली मारकर हत्या, एक्टिवा सवार 2 हमलावर फरार
Punjab Hotmail Bureau, अमृतसर: इस्लामाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर वीरवार रात करीब 10:50 बजे 25 वर्षीय साहिल गिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
वारदात को एक्टिवा सवार दो अज्ञात युवकों ने अंजाम दिया और फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। गोली साहिल के सीने में लगी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान कोट खालसा निवासी साहिल गिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वारदात उसके घर से करीब 40 कदम की दूरी पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्टिवा सवार दोनों युवक वहां पहुंचे और साहिल पर कई राउंड फायर किए। गोली लगने के बाद आरोपी एक्टिवा पर फरार हो गए।
सब्जी लेने घर से निकला था साहिल, 10 मिनट बाद मिली गोली लगने की खबर
साहिल के पिता मुख्तियार सिंह के मुताबिक, उनका बेटा घर से सब्जी लेने निकला था। करीब 10 मिनट बाद मोहल्ले के लोगों ने घर पहुंचकर बताया कि साहिल को गोली मार दी गई है। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में अमनदीप अस्पताल लेकर गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
साहिल जोमैटो में डिलीवरी का काम करता था। करीब दो साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसका एक साल का बच्चा भी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, पुरानी रंजिश समेत कई एंगल पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही इस्लामाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।
