पंजाब बोर्ड 10वीं रिजल्ट 2026 घोषित: फरीदकोट की हरलीन शर्मा ने बनाए पूरे 650 अंक, टॉप-3 में दो बेटियों का दबदबा
पंजाब हॉटमेल, चंडीगढ़/जालंधर। पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड (PSEB) ने 10वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। बोर्ड चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नतीजों की आधिकारिक घोषणा की।

रिजल्ट बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है, जहां छात्र अपने रोल नंबर के जरिए परिणाम देख सकते हैं।इस बार फरीदकोट की हरलीन शर्मा ने पूरे पंजाब में पहला स्थान हासिल कर शानदार रिकॉर्ड बनाया है।
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जैतो की छात्रा हरलीन ने 650 में से पूरे 650 अंक हासिल कर स्टेट टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया।
वहीं रूपनगर के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल चनौली बस्सी के छात्र मनिमहेश शर्मा ने 645 अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने 99.23 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
तीसरे स्थान पर होशियारपुर के श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल खालसा दीवान मॉडल की छात्रा रिया रानी रहीं, जिन्होंने 645 अंक हासिल कर जिले और स्कूल का नाम रोशन किया।
इस बार के नतीजों में बेटियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। टॉप-3 में दो छात्राओं ने जगह बनाकर एक बार फिर साबित किया कि पंजाब की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
पिछले साल की तुलना में रिजल्ट गिरा
इस साल परीक्षा में कुल 2,69,505 नियमित परीक्षार्थी बैठे थे, जिनमें से 2,54,744 स्टूडेंट पास हुए हैं। इस बार पास स्टूडेंट्स का प्रतिशत 94.52 रहा, जो पिछले साल की तुलना में कम है। पिछले साल 95.61% बच्चे पास हुए थे।
