AdministrationBJP PunjabBreaking NewsCentral GovernmentChandigarhCityDelhiFeaturedGovernmentJalandharPoliticsअमृतसरजालंधरनई दिल्लीपंजाबपटियालाबठिंडाराजनीति समाचारराज्य समाचाररोपड़लुधियानासाहिबजादा अजीत सिंह नगरहोशियारपुर

पंजाब चुनाव से पहले BJP की मेगा ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’: 4 रूट से 117 विधानसभा सीटें कवर, 18 सितंबर को नितिन नवीन करेंगे शुरुआत; समापन पर अमित शाह की रैली!

Spread the love

Punjab Hotmail Bureau, चंडीगढ़/जालंधर/नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने नशे के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 सितंबर को पठानकोट के माधोपुर से करेंगे।

13 दिन तक चलने वाली यह यात्रा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। इसके लिए चार अलग-अलग रूट तय किए गए हैं और यात्राएं करीब 4 हजार किलोमीटर का सफर तय करेंगी। चारों यात्राओं का समापन जालंधर के देवी तालाब मंदिर में होगा, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे।

यात्रा के दौरान भाजपा नेता नशे से प्रभावित परिवारों, एनजीओ, स्पोर्ट्स क्लबों और गांव कमेटियों से जुड़े लोगों से मुलाकात करेंगे।

इस अभियान की जानकारी चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और विधायक अश्वनी शर्मा ने दी।

प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में नशा खत्म नहीं हुआ, बल्कि नशे के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की यात्रा केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशा मुक्ति, इलाज और रोजगार के मुद्दों पर भी काम करने का प्रयास करेगी।

चार रूटों से पंजाब का दौरा

पहला रूट: 18 सितंबर को माधोपुर से शुरू होने वाली यात्रा सुजानपुर, पठानकोट, भोआ, दीनानगर, गुरदासपुर, कादियां, श्री हरगोबिंदपुर, बटाला, फतेहगढ़ चूड़ियां, डेरा बाबा नानक, अजनाला, राजा सांसी, अटारी, अमृतसर पश्चिम, अमृतसर केंद्रीय, अमृतसर दक्षिण, अमृतसर पूर्व, अमृतसर उत्तर, मजीठा, जंडियाला, बाबा बकाला, तरनतारन, खडूर साहिब, खेमकरण, पट्टी, फिरोजपुर शहर, गुरु हरसहाय, फिरोजपुर ग्रामीण, जीरा, सुल्तानपुर लोधी, भुलत्थ, नकोदर, शाहकोट और जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

दूसरा रूट: 19 सितंबर को गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में नतमस्तक होने के बाद यात्रा समराला, पायल, खन्ना, अमलोह, फतेहगढ़ साहिब, बस्सी पठाना, डेरा बस्सी, मोहाली, खरड़, चमकौर साहिब, रोपड़, आनंदपुर साहिब, गढ़शंकर, चब्बेवाल, होशियारपुर, शाम चौरासी, दसूहा, मुकेरियां, उड़मुड़, आदमपुर, बलाचौर, नवांशहर, बंगा और फगवाड़ा से होकर गुजरेगी।

तीसरा रूट: 20 सितंबर को फाजिल्का के सादिकी बॉर्डर स्थित आसफवाला 1971 युद्ध स्मारक से शुरू होकर फाजिल्का, बल्लुआना, अबोहर, जलालाबाद, श्री मुक्तसर साहिब, मलोट, गिद्दड़बाहा, जैतो, कोटकपूरा, फरीदकोट, बाघा पुराना, निहाल सिंह वाला, धर्मकोट, मोगा, जगरांव, रायकोट, दाखा, मलेरकोटला, अमरगढ़, गिल, साहनेवाल और लुधियाना शहरी विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

चौथा रूट: 21 सितंबर को तलवंडी साबो स्थित गुरुद्वारा श्री दमदमा साहिब में नतमस्तक होने के बाद यात्रा तलवंडी साबो, मौड़, रामपुरा फूल, भुच्चो मंडी, बठिंडा ग्रामीण, बठिंडा शहरी, मानसा, सरदूलगढ़, बुढलाडा, भदौड़, बरनाला, महल कलां, धूरी, संगरूर, सुनाम, दिड़बा, लहरागागा, शुतराना, नाभा, पटियाला ग्रामीण, पटियाला शहरी, सनौर और राजपुरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

‘पर्चों की संख्या नहीं, नशा मुक्ति के परिणाम से तय होगी सफलता’

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि सरकार नशा मुक्ति अभियान के तहत 73 हजार मामले दर्ज होने और 25 हजार मरीजों के इलाज की बात करती है।

भाजपा इन आंकड़ों को चुनौती नहीं दे रही, लेकिन अभियान की सफलता केवल दर्ज मामलों की संख्या से नहीं, बल्कि नशे से बाहर निकलने वाले लोगों के पुनर्वास से तय होगी।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में अलग-अलग स्तरों पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है। केवल ड्रग की खेप पकड़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ड्रग के पैसे और पूरे नेटवर्क को पकड़ना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में ड्रग ट्रैफिकिंग इंटेलिजेंस ग्रिड बनाने का प्रस्ताव देगी, जिसमें पंजाब पुलिस, नेशनल क्राइम ब्यूरो, कस्टम, इनकम टैक्स, BSF, धार्मिक संस्थानों, स्कूलों और इंडस्ट्री को शामिल किया जाना चाहिए।

BJP नेताओं ने सवालों के भी दिए जवाब

नशा मुक्त पंजाब अभियान को लेकर पूछे गए सवालों पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि मौजूदा और पिछली कांग्रेस सरकार के पास नशे के खिलाफ कोई ठोस प्लानिंग नहीं थी। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों का हवाला देते हुए कहा कि जहां नशा और गैंगस्टरवाद की समस्या थी, वहां काफी हद तक नियंत्रण किया गया है।

गुजरात में ड्रग्स पकड़े जाने के सवाल पर ढिल्लों ने कहा कि वहां बंदरगाहों पर ड्रग्स पकड़े जा रहे हैं, लेकिन पंजाब जैसी स्थिति नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में नशा घर-घर बिक रहा है।

ड्रोन के जरिए नशा तस्करी पर मनप्रीत बादल ने कहा कि यह बड़ा नेटवर्क है और केवल नशे के पैकेट को पकड़ने के बजाय इसके पीछे चल रहे पैसे के प्रवाह और पूरे नेटवर्क को निशाना बनाना होगा।

नशा खत्म करने में लगने वाले समय के सवाल पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो साल में इस समस्या पर काबू पाने का लक्ष्य बताया था।

भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि 17 सितंबर को नहीं, बल्कि यात्रा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 सितंबर से अभियान की शुरुआत होगी और सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *