AdministrationBreaking NewsChandigarhCityCrimeIndiaJalandharPunjab GovernmentPunjab Policeअपराध समाचारजालंधरपंजाबराज्य समाचार

नशे में धुत्त पुलिसकर्मी की वीडियो वायरल होने पर गिरी गाज: CP ने सस्पेंड कर किया लाइन हाजिर, राहगीरों ने रोक लगाए थे गंभीर आरोप!

Spread the love

Punjab Hotmail, जालंधर: महानगर में एक पुलिसकर्मी की कथित लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना हरकत का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी अपनी कार में दिखाई दे रहा है, जिस पर शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप लगे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों ने उसकी संदिग्ध हालत देखकर उसे रोक लिया, जिसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामे जैसा माहौल बना रहा। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

मामले की शिकायत करने वाली आरती राजपूत ने आरोप लगाया कि संबंधित पुलिसकर्मी नशे की हालत में तेज रफ्तार से कार चला रहा था और उनकी गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की।

उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपनी गाड़ी संभालकर पुलिसकर्मी से बात करने की कोशिश की, तो उसकी हरकतें सामान्य नहीं थीं और वह नशे में प्रतीत हो रहा था। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत कमिश्नरेट पुलिस से की और घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया।

घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान वायरल वीडियो, शिकायतकर्ता के आरोपों और अन्य तथ्यों की पड़ताल की गई।

प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया गया।

इस संबंध में एडीसीपी ट्रैफिक गुरवाज सिंह ने बताया कि रात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक पुलिसकर्मी पर ड्यूटी समाप्त होने के बाद शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप लगे।

शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की गई। जांच के आधार पर पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत विभागीय जांच जारी है और यदि आगे भी कोई तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *