जालंधर में SIR-2026 का पहला चरण पूरा: 14.64 लाख वोटरों के फॉर्म डिजिटाइज, 13 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर सूची!
जिला चुनाव अधिकारी द्वारा एस.आई.आर. प्रक्रिया तहत राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग, घर-घर सर्वे चरण पूरा, 13 अगस्त से 12 सितंबर तक प्राप्त किए जाएंगे दावे व आपत्तियां!
पंजाब हॉटमेल, जालंधर (मनमोहन सिंह): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जालंधर जिले में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 प्रक्रिया का पहला चरण यानी घर-घर गणना (डोर-टू-डोर सर्वे) सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। जिला प्रशासन ने 14,64,949 मतदाताओं के गणना फॉर्म प्राप्त कर उनका डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया है।

अब 13 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट वोटर सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 13 अगस्त से 12 सितंबर तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।
16.49 लाख वोटरों का हुआ सत्यापन
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले में कुल 16,49,946 मतदाता दर्ज हैं। बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर सभी मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए।
इनमें से 14,64,949 मतदाताओं ने अपने फॉर्म जमा करवा दिए, जबकि 1,84,997 मतदाताओं के फॉर्म प्राप्त नहीं हुए।
जांच के दौरान जिन मतदाताओं के फॉर्म प्राप्त नहीं हुए, उनमें 50,520 मृतक, 94,356 अन्य स्थानों पर स्थानांतरित, 8,961 डुप्लीकेट एंट्री, 30,157 अनुपस्थित या ट्रेस न होने वाले तथा 1,003 अन्य श्रेणियों के मतदाता पाए गए।
13 अगस्त से शुरू होगा दावा और आपत्ति का दौर
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि 13 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर सूची प्रकाशित की जाएगी। जिन मतदाताओं का नाम सूची में नहीं होगा, वे फॉर्म-6 भरकर 13 अगस्त से 12 सितंबर तक अपने संबंधित चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारी या BLO के माध्यम से दावा पेश कर सकते हैं।
इसके साथ निर्धारित घोषणा पत्र भी जमा करना होगा।दावों और आपत्तियों का निपटारा 8 अक्टूबर तक किया जाएगा और 12 अक्टूबर 2026 को अंतिम वोटर सूची प्रकाशित होगी।
अनमैप्ड और एनामली वोटरों को भेजे जाएंगे नोटिस
डीसी वालिया ने बताया कि ड्राफ्ट सूची में 1,46,551 मतदाताओं की 2003 की वोटर सूची से मैपिंग नहीं हो सकी, जबकि 2,02,187 मतदाता एनामली (Logical Discrepancy) श्रेणी में हैं।
ऐसे मतदाताओं को चुनाव आयोग के सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑटो-जनरेट नोटिस भेजे जाएंगे। संबंधित मतदाता या उनका कोई वयस्क पारिवारिक सदस्य आवश्यक दस्तावेज निर्धारित तिथि पर संबंधित अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकेगा।
16 अगस्त को सभी बूथों पर लगेगा विशेष कैंप
मतदाताओं की सुविधा के लिए 16 अगस्त (रविवार) को जिले के सभी पोलिंग बूथों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। ड्राफ्ट वोटर सूची ECI Net ऐप, CEO पंजाब की वेबसाइट, जालंधर जिला प्रशासन की वेबसाइट, जिला चुनाव कार्यालय तथा संबंधित चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारियों के कार्यालयों में भी उपलब्ध रहेगी।
पोलिंग बूथों की संख्या भी बढ़ी
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग की रेशनलाइजेशन प्रक्रिया के बाद जालंधर जिले में पोलिंग बूथों की संख्या 1,926 से बढ़ाकर 1,997 कर दी गई है।
योग्य मतदाता का नाम बिना प्रक्रिया नहीं हटेगा
वरजीत वालिया ने स्पष्ट किया कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम बिना कानूनी प्रक्रिया अपनाए वोटर सूची से नहीं हटाया जाएगा। प्रत्येक मामले की अलग-अलग जांच होगी और संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा।

उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों, राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) और मतदाताओं का सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए अपील की कि अगले चरण में भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि जिले की वोटर सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।
