जालंधर में नबी की शान में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मुस्लिम समुदाय का प्रदर्शन, पीएम मोदी और नाज़िया इलाही खान के पुतले फूंके
Punjab Hotmail, जालंधर: मस्जिद क़ुबा, खांबड़ा के बाहर शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोगों ने नबी-ए-पाक की शान में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़ी नाज़िया इलाही खान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नाज़िया इलाही खान के पुतले भी फूंके।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान ने कहा कि किसी भी धर्म या धार्मिक व्यक्तित्व की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान देश के भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हैं। उन्होंने जालंधर पुलिस कमिश्नर से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर नाज़िया इलाही खान के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
मुस्लिम संगठन पंजाब के महासचिव एवं मस्जिद क़ुबा खांबड़ा के अध्यक्ष मोहम्मद मज़हर आलम मज़ाहिरी ने कहा कि पंजाब हमेशा भाईचारे और शांति की मिसाल रहा है तथा किसी भी सूरत में प्रदेश का माहौल खराब नहीं होने दिया जाना चाहिए।
उन्होंने पटियाला में मुस्लिम समाज के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार की घटनाओं पर भी चिंता जताते हुए प्रशासन से सभी समुदायों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार को धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए। प्रदर्शन में सिकंदर शेख, नदीम सलमानी, अरमान, असलम, हाफिज बिलाल, अब्बी गुर्जर, हामिद खान, शरीफ ठेकेदार सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे।
