जालंधर नगर निगम हाउस की आज बैठक: कांग्रेस AAP को घेरने की तैयारी में, नॉर्थ हलके के एजेंडे सहित इन मुद्दों पर होगा घमासान!
Punjab Hotmail, जालंधर। नगर निगम हाउस की बैठक आज सुबह 11 बजे रेडक्रॉस भवन में होगी। चुनावी साल में होने जा रही इस बैठक के हंगामापूर्ण रहने के आसार हैं। कांग्रेस ने बैठक के एजेंडे को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र बेरी के साथ 17 कांग्रेस पार्षदों ने बैठक कर रणनीति तैयार की और हाउस में एकजुट होकर सत्ताधारी पक्ष को घेरने का फैसला लिया।

कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि एजेंडे में तकनीकी और प्रशासनिक खामियां हैं और नॉर्थ विधानसभा हलके को लेकर कई प्रस्तावों में विशेष फोकस नजर आ रहा है। पार्षदों का कहना है कि जनता से जुड़े मुद्दों, सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों पर हाउस में जवाब मांगा जाएगा।
विवादित सफाई प्रस्ताव पर भी हंगामे के आसार
हाउस के एजेंडे में शहर के 85 वार्डों में इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने का संशोधित प्रस्ताव शामिल है। इसकी अनुमानित लागत 607.11 करोड़ रुपए है।
सफाई कंपनी के ठेके से जुड़े प्रस्ताव का सफाई सेवकों ने पहले विरोध किया था, जिसके चलते शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई और जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे।
50 चौराहों पर स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम
नगर निगम के एजेंडे में शहर के 50 प्रमुख चौराहों पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाने का प्रस्ताव है। तकनीकी जांच के बाद इसकी अनुमानित लागत 9.51 करोड़ रुपए तय की गई है।
चौराहों को 4G/5G और ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ने के साथ इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से ट्रैफिक की निगरानी की जाएगी।
बस्ती पीरदाद में नया STP, 35 करोड़ की योजना
बस्ती पीर दाद क्षेत्र में 20 MLD क्षमता का नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 45 MLD मेन पंपिंग स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। अमृत 2.0 योजना के तहत परियोजना की लागत करीब 32.79 करोड़ रुपए है, जबकि पांच साल के संचालन एवं रखरखाव पर करीब 2.35 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।
STP के लिए 9802 वर्ग गज जमीन
लेदर कॉम्प्लेक्स में प्रस्तावित 20 MLD STP के लिए पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन से करीब 9802.16 वर्ग गज जमीन 99 साल की लीज पर लेने का प्रस्ताव है।
जमीन की अनुमानित कीमत 11.76 करोड़ रुपए है। निगम को शुरुआती 15 प्रतिशत डाउन पेमेंट के रूप में करीब 2 करोड़ रुपए जमा कराने होंगे।
कूड़ा प्रबंधन पर 607.11 करोड़ रुपए का प्रस्ताव
शहर के सभी 85 वार्डों में इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने के लिए 607.11 करोड़ रुपए का संशोधित प्रस्ताव रखा गया है। योजना को आठ साल में दो हिस्सों में लागू करने की बात कही गई है।
पहले चरण में कैंट और वेस्ट तथा दूसरे चरण में सेंट्रल और नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र शामिल होंगे।
चार विधानसभा क्षेत्रों के लिए चार संयुक्त कमिश्नर
नगर निगम में संयुक्त कमिश्नरों की संख्या दो से बढ़ाकर चार करने का प्रस्ताव भी एजेंडे में है। निगम सीमा में 12 गांव शामिल होने के बाद बढ़े कामकाज और शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक संयुक्त कमिश्नर नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया है।
नॉर्थ हलके में सीवर-पानी के 22 काम
नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में सीवर और पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए 22 विकास कार्यों पर 3.18 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव है। इसमें कई कॉलोनियों में नई सीवर लाइनें और मैनहोल बनाने के साथ क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों की मरम्मत शामिल है।
मुख्य सीवर लाइनों की सफाई पर 25.72 करोड़
शहर की मुख्य और ब्रांच सीवर लाइनों की सुपर सक्शन मशीनों से सफाई के लिए 25.72 करोड़ रुपए का अनुमान तैयार किया गया है। इसमें चारों विधानसभा क्षेत्रों की प्रमुख सीवर लाइनों की डी-सिल्टिंग और विभिन्न जोनों की गलियों में सीवर लाइनों व मैनहोल की वार्षिक सफाई शामिल है।
स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगी डिजिटल पहचान
नगर निगम शहर के सभी स्ट्रीट वेंडर्स का डिजिटल सर्वे और GPS मैपिंग कराने के साथ उन्हें यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर और QR कोड वाली नंबर प्लेट जारी करने का प्रस्ताव लेकर आया है।
इससे वेंडर्स की पहचान और रिकॉर्ड व्यवस्थित करने तथा फर्जी फेरी वालों पर रोक लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

कांग्रेस ने बनाई सरकार को घेरने की रणनीति
हाउस बैठक से पहले कांग्रेस पार्षदों ने बैठक कर रणनीति तैयार की। कांग्रेस का आरोप है कि एजेंडे में कई तकनीकी और प्रशासनिक खामियां हैं और विकास कार्यों के नाम पर कुछ प्रस्तावों से पसंदीदा ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
अब देखना होगा कि हाउस में इन मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कितनी तीखी बहस होती है।
