जालंधर के डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक में दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौके पर मौत
Punjab Hotmail, जालंधर। शहर के डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार रतन सिंह (निवासी बस्ती दानिशमंदा) की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार रतन सिंह नकोदर चौक की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।

हादसे के समय चौक पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाना डिवीजन नंबर-4 पुलिस के हवाले कर दिया।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई हीरा लाल ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
