AdministrationBreaking NewsChandigarhCityCrimeGovernmentIndiaPunjab GovernmentPunjab HotmailPunjab Policeकोटकपुरापंजाबराज्य समाचार

कोटकपूरा में AK-47 के 82 कारतूस मिलने से मचा हड़कंप, आतंकवाद के दौर से जुड़े होने की आशंका!

Spread the love

जैतो-बठिंडा बाईपास के पास लावारिस हालत में मिले 3 मैगजीन, पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज किया केस; पुराने कारतूसों के स्रोत की जांच शुरू

पंजाब हॉटमेल ब्यूरो, कोटकपूरा। पंजाब के कोटकपूरा में जैतो-बठिंडा बाईपास के पास AK-47 राइफल के तीन मैगजीन और 7.62 एमएम के 82 कारतूस मिलने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई।

कारतूस लावारिस हालत में बरामद हुए हैं। इन पर पुरानी तारीखें अंकित होने के कारण इनके आतंकवाद के काले दौर से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि, कारतूसों की वास्तविक पृष्ठभूमि और उनके वहां पहुंचने के कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

सूचना मिलने पर पुलिस ने की तलाशी

जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोटकपूरा में तैनात एएसआई गुरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी जैतो-बठिंडा बाईपास पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रब्ब वाले खूह के पास रजबाहे की कच्ची पटरी पर कारतूस छिपाकर रखे गए हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो वहां से तीन मैगजीन बरामद हुए। इनमें 7.62 एमएम के कुल 82 कारतूस भरे हुए थे। कारतूसों पर पुरानी तारीखें अंकित होने के कारण पुलिस उनके पुराने होने की संभावना को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

आतंकवाद के दौर से संबंध होने की आशंका, जांच जारी

पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि कारतूसों को किसी ने जानबूझकर वहां छिपाया था या फिर किसी अन्य स्थान से लाकर वहां फेंका गया था। इसके अलावा, इनके स्रोत और संभावित पुराने संबंधों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस संबंध में डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद कारतूसों की पृष्ठभूमि और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *