किस्सा कुर्सी का: फिर आजाद हो गया आप का यह पार्षद, क्या पद का लालच देकर विरोधी पार्षदों को तोड़ा! कांग्रेस और भाजपा के हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप कितने सही… पढ़ें विश्लेषण
आप से उम्मीद थी पर 7वीं बार भी नहीं बदली परंपरा, महिला मेयर का इंतजार भी लंबा हो गया… सीटें हैं पर पद नहीं दिया; कहां गेम खेल गए नेता जी!
मेयर वनीत धीर के पद संभालते ही पहले लफ्ज़ से लेकर आखिरी वादे तक… पढ़ें सबकुछ, पंजाब हॉटमेल पर
मनमोहन सिंह, जालंधर। परंपराएं बदलने के लिए होती हैं और शायद यही लगा था कि आम आदमी पार्टी कुछ नया करेगी। लेकिन शहरवासियों की महिला मेयर की आस अब पांच साल बाद ही पूरी हो सकेगी, क्योंकि रिवायत न बदलते हुए जालंधर में मेयर की कुर्सी जनरल खाते में गई और चुनाव से ठीक पहले आप में आए वनीत धीर मेयर बन गए।
चर्चा अश्वनी अग्रवाल और अमित ढल्ल के नाम की भी हुई, मॉडल टाउन से पार्षद अरुणा अरोड़ा को भी पद मिलने की संभावना थी लेकिन अंत में कुछ और ही निकला। चुनाव खत्म होते-होते सत्ता सुख का ख्वाब लेकर पार्टी में शामिल हुए लखोत्रा आप से निकलकर फिर आजाद हो गये जो डिप्टी मेयर पद की लालसा में शामिल हुए थे।
उन्हें पद का वायदा किया गया था यह बात सामने नहीं आई लेकिन लखोत्रा ने पद मांगा जरूर था। ये घर वापसी की शुरुआत है या सिर्फ दिखावा, समय बताएगा। जिन पार्षदों ने दल-बदला है उनकी क्या मंशा रही या कुछ वादे किए गए वह बाद में सामने आएंगे, क्योंकि हाउस की बैठक में जब प्रस्ताव आएंगे तो कैसा रिएक्शन रहता है।
कांग्रेस और भाजपा दोनों विरोधी दलों ने आम आदमी पार्टी पर पार्षदों के खरीद-फरोख्त करने के आरोप लगाए, यहां तक कि हाथ उठाने की बजाय मेयर का चुनाव बैलेट बॉक्स से करवाने की मांग की गई थी शायद उन्हें भी टूट का अंदेशा था। जो मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुने जाने के बाद तुरंत सामने आया और पार्षद ने पार्टी छोड़ दी।
बड़े नेता जी कहां गेम खेल गए नीचे वालों को पता ही नहीं चला, दल तो कईयों ने बदले पर ऐन मौके पर बाजी धीर ने मारी। कुछ नेता सिर्फ लाबिंग करते ही रह गए जिनमें नार्थ और कैंट के बड़े नेता शामिल हैं। हल्का इंचार्ज, प्रभारी, चेयरमैन, नेता और पुराने वर्करों के हाथ सिर्फ मायूसी लगी, जिन्होंने पार्टी की जीत के लिए सबकुछ झोंक दिया था।
करप्शन पर जीरो टॉलरेंस रहेगी निगम में.. विनीत धीर
मेयर बने विनीत धीर ने कहा- मैं इस मौके पर एक अवसर के तौर पर देखता हूं। मेरे नेताओं और भगवान ने मुझ पर यकीन जताया है। जो भी चुनौतियां आएंगी, हम उसके साथ काम करेंगे। जो मैंने पार्टी और शहर के लिए मेहनत की थी, उसका फल मुझे मिला है। इसलिए मैं परमात्मा का शुक्रिया करता हूं।
यह सेवा निरंतर जारी रहेंगे। आने वाले 5 साल मैं जालंधर को बदलने की कोशिश करूंगा। जालंधर में करप्शन को जड़ से खत्म किया जाएगा और यही आप का एजेंडा है। शहर के विकास व राजस्व को लेकर कड़ी मेहनत की जाएगी और स्मार्ट सिटी के घोटाले का पैसा खाने वालों पर कार्रवाई भी करवायी जाएगी।
किसी महिला को पद नहीं, मेयर बोले महिला पार्षदों को एडजस्ट किया जाएगा…
कांग्रेस के विधायक बावा हैनरी ने सबसे पहले सभी पार्षदों को बधाई दी और कहा कि आज दुर्भाग्य की बात है कि महिलाओं को आगे बढ़ाने की बात कहने वाली पार्टी ने आज एक भी बड़ा औहदा किसी भी महिला पार्षद को नहीं दिया है। ये शहर के लिए बहुत दुर्भाग्य की बात है। यह आप की सोच इससे दर्शाती है। शहर में 50 प्रतिशत पार्षद महिलाएं चुनी गई हैं। मगर फिर भी आप ने किसी महिला को मौका देना सही नहीं समझा। वहीं मेयर ने कहा कि निगम में कई ओहदे हैं, जिन पर महिलाओं को उनका बनता हक दिया जाएगा। महिला पार्षदों का पूरा सम्मान किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री डा. रवजोत सिंह और महिंदर भगत की मौजूदगी में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर ने संभाला पद
जालंधर के नवनिर्वाचित मेयर विनीत धीर सहित सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर ने शनिवार को स्थानीय निकाय मंत्री डा. रवजोत सिंह और बागवानी मंत्री महिंदर भगत की उपस्थिति में नगर निगम जालंधर में औपचारिक रूप से अपना पद ग्रहण कर लिया है। इस मौके पर हलका विधायक बलकार सिंह, हलका विधायक रमन अरोड़ा, मुख्यमंत्री पंजाब के ओ.एस.डी. राजवीर सिंह और आप नेता राजविंदर कौर थियाडा भी विशेष रूप से शामिल हुए।कैबिनेट मंत्रियों ने विनीत धीर को मेयर की कुर्सी पर बैठाया और उन्हें बधाई दी।
पदभार संभालने के बाद मेयर विनीत धीर ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाएंगे। उन्होंने शहर को पूर्ण रूप से विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर व सभी पार्षदों के सहयोग से शहर को विकास की पटरी पर दौड़ाया जाएगा।कैबिनेट मंत्रियों के बाद डा. रवजोत सिंह और महिंदर भगत की मौजूदगी में जालंधर नगर निगम के नवनिर्वाचित सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह ढिल्लों और डिप्टी मेयर मलकीत सिंह ने भी अपना-अपना पद संभाला।