Politics: कांग्रेस प्रधान बनने के बाद पहली बार पंजाब पहुंचे परगट सिंह, सचिन पायलट ने खुद चलाई कार; हरिमंदिर साहिब में हुए नतमस्तक!
पंजाब हॉटमेल ब्यूरो, जालंधर/अमृतसर। पंजाब कांग्रेस के नए प्रदेश प्रधान बनने के बाद परगट सिंह गुरुवार को पहली बार पंजाब पहुंचे। 3 अक्टूबर को उन्हें राजा वड़िंग की जगह पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपी गई थी। परगट सिंह सुबह करीब 9 बजे कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के साथ दिल्ली से अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

एयरपोर्ट से परगट सिंह सीधे श्री दरबार साहिब, अमृतसर पहुंचे और नतमस्तक होकर शुकराना किया। इस दौरान खास बात यह रही कि सचिन पायलट खुद कार ड्राइव करते हुए नजर आए। परगट सिंह ने कहा कि आज वह श्री दरबार साहिब में शुकराना करने आए हैं और आज राजनीति का दिन नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीति जरूर करेंगे, लेकिन एक-दो दिन बाद।
परगट सिंह अमृतसर में अन्य धर्मस्थलों पर भी माथा टेकेंगे। इसके बाद मोहाली में कांग्रेस लीडरशिप के साथ बैठक होने की संभावना है। अगले दिन उनका हिमाचल प्रदेश स्थित मां चिंतपूर्णी दरबार में माथा टेकने का कार्यक्रम बताया गया है।
पंजाब लौटने से पहले परगट सिंह ने दिल्ली में पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंजाब में एकजुट है और सभी नेताओं की अपनी-अपनी राय हो सकती है, लेकिन यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस एकजुट होकर 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
