ईरान जंग का असर: सेंसेक्स 1700 अंक टूटा, रुपया ऑल टाइम लो पर; 14 लाख करोड़ डूबे, तेल 116 डॉलर पार… दाम बढ़े!
#StockMarketCrash #Sensex #Nifty #RupeeAtAllTimeLow #IranIsraelWar #OilPrices #BrentCrude #MarketFall #IndianEconomy #GlobalMarkets
पंजाब हॉटमेल, मुंबई। मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर दिखा। सोमवार, 9 मार्च को BSE Sensex करीब 1700 अंक (2.15%) टूटकर 77,200 के स्तर पर आ गया, जबकि Nifty 50 में लगभग 500 अंकों (2.12%) की गिरावट के साथ यह 23,500 पर कारोबार करता दिखा।

बाजार में भारी बिकवाली से निवेशकों के करीब 14 लाख करोड़ रुपए स्वाहा हो गए।सुबह 11 बजे सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर लाल निशान में थे। बैंकिंग, ऑटो, मेटल, एनर्जी और FMCG सेक्टर में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला।
जानकारों का कहना है कि जियोपॉलिटिकल तनाव के कारण महंगाई बढ़ने और कंपनियों के मुनाफे पर असर की आशंका से निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।
कच्चा तेल 10 दिन में 60% उछला
वैश्विक बाजार में Brent Crude 25% से ज्यादा उछलकर 116 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। 28 फरवरी से शुरू तनाव के बाद 10 दिन में तेल करीब 60% महंगा हो चुका है।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि कीमतें 150 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकती हैं, जिससे भारत में पेट्रोल-डीजल 5-6 रुपए प्रति लीटर तक महंगे हो सकते हैं।
रुपया ऐतिहासिक निचले स्तर पर
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 46 पैसे कमजोर होकर 92.28 के ऑल टाइम लो पर पहुंच गया। तेल कीमतों में उछाल और विदेशी निवेश की निकासी से रुपए पर दबाव बढ़ा है।
वैश्विक बाजारों का मिला-जुला असर
अमेरिकी बाजारों में 6 मार्च को गिरावट दर्ज की गई। Dow Jones Industrial Average 453 अंक गिरा, Nasdaq Composite 1.59% टूटा और S&P 500 1.33% नीचे बंद हुआ।
इससे पहले 6 मार्च को सेंसेक्स 1097 अंक गिरकर 78,919 पर बंद हुआ था।मिडिल ईस्ट संकट ने वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ा दी है। यदि हालात जल्द नहीं सुधरे, तो भारतीय अर्थव्यवस्था पर महंगाई और चालू खाते के घाटे का दबाव और बढ़ सकता है।
