पुलिस कमिश्नरेट में स्पेशल DGP की अहम बैठक: नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश… CP-DCP ने दिया आश्वासन; पढ़ें और देखें
पंजाब हॉटमेल, जालंधर (मनमोहन सिंह)। पंजाब पुलिस की कम्युनिटी अफेयर्स डिवीजन (CAD) और महिला कार्य विभाग की स्पेशल डीजीपी गुरप्रीत कौर दियो (IPS) ने जालंधर पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस लाइन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में कमिश्नर पुलिस धनप्रीत कौर (IPS), ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर संदीप शर्मा (IPS) और डिप्टी कमिश्नर पुलिस मनप्रीत सिंह ढिल्लों (PPS) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “युद्ध नशे विरुद्ध” और “गैंगस्टरों पर वार” को और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए।
स्पेशल डीजीपी ने पुलिस को शहर में बढ़ रहे छोटे अपराधों पर लगाम लगाने के लिए एक विशेष ऑपरेशन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस नाकों को हाईटेक बनाने और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए वॉकी-टॉकी सेट के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने अधिकारियों को जनता की शिकायतों का समय पर और प्रभावी समाधान करने, जरूरी दस्तावेजों का सही रिकॉर्ड बनाए रखने और पुलिस स्टेशनों के परिसर को साफ-सुथरा व व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान स्पेशल डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों से उनकी ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं और चुनौतियों के बारे में भी जानकारी ली और कई मुद्दों पर मौके पर ही समाधान करने का भरोसा दिया।
अधिकारियों ने कामकाज को बेहतर बनाने के लिए कंप्यूटर पेरिफेरल्स की जरूरत भी बताई, जिसे स्पेशल डीजीपी ने मंजूरी देते हुए जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
अपने दौरे के दौरान स्पेशल डीजीपी ने इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (ICCC) और साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल सेंटर के कार्यों की समीक्षा करते हुए तैनात कर्मचारियों को कामकाज को और सुचारू ढंग से चलाने के निर्देश दिए।
वहीं साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में ऑनलाइन ठगी के शिकार लोगों की शिकायतों को भी सुना और संबंधित अधिकारियों को इन मामलों में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए भी दिशा-निर्देश दिए।
