कनाडा वर्क परमिट का झांसा देकर 15.34 लाख की ठगी, फर्जी ट्रैवल एजेंट गिरफ्तार; FIR में इनके भी नाम… पढ़ें
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठने वाले एक कथित ट्रैवल एजेंट को थाना नंबर 8 जालंधर की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रणदीप कुंडल उर्फ रिशु निवासी गुरु नानकपुरा वेस्ट, रामा मंडी के रूप में हुई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता माधव शाली निवासी बैकसाइड सेक्क राम अस्पताल, जालंधर ने बताया कि आरोपी ने उसे वर्क परमिट पर कनाडा भेजने का झांसा दिया था।
इस दौरान आरोपी ने किस्तों में कुल 15 लाख 34 हजार 500 रुपये वसूल लिए। लंबा समय बीत जाने के बावजूद न तो वीजा लगा और न ही विदेश भेजने की कोई प्रक्रिया आगे बढ़ी।
जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी बहाने बनाकर टालमटोल करने लगा।मामले में अजय सहगल, सनी तंवर और राकेश राखी समेत अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं।
पुलिस इन सभी की भूमिका की जांच कर रही है। केस की जांच सब-इंस्पेक्टर जगदीश लाल की अगुवाई में की जा रही है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी रणदीप कुंडल को काबू कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी के पास ट्रैवल एजेंट के रूप में काम करने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। वह युवाओं को विदेश भेजने के सपने दिखाकर मोटी रकम वसूलता था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
#JalandharNews #TravelFraud #CanadaVisaScam #PunjabPolice #CrimeNews #WorkPermitScam
