AdministrationBreaking NewsBusinessChandigarhCityEnvironmentFeaturedFoodGovernmentIndiaJalandharPunjab Governmentजालंधरपंजाबराज्य समाचार

जालंधर में मिठाई की दुकानों पर सेहत विभाग की दबिश, 75 किलो संदिग्ध पनीर सीज; सैंपल लैब भेजे!

Spread the love

Punjab Hotmail Bureau, जालंधर। त्योहारी सीजन शुरू होते ही जालंधर में सेहत विभाग का फूड सेफ्टी विंग एक्शन मोड में आ गया है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की टीम लगातार दुकानों की जांच कर रही है।

इसी अभियान के तहत टीम ने किशनपुरा सब्जी मंडी के पास स्थित दो मिठाई की दुकानों पर दबिश दी और पनीर व खोये की जांच की।

कार्रवाई के दौरान टीम ने पनीर के 3 सैंपल लिए। सेहत विभाग के अधिकारी के अनुसार करीब 75 किलो पनीर संदिग्ध पाया गया, जिसके चलते उसे मौके पर ही सीज कर दिया गया।

सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि पनीर में कोई खामी पाई जाती है तो नियमानुसार उसे नष्ट किया जाएगा।

अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई फूड कमिश्नर कमलप्रीत कौर बराड़ और डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया के निर्देशों पर की जा रही है। टीम सुबह करीब 5:30 बजे मौके पर पहुंची और एक वाहन को रोककर भी खाद्य पदार्थों की जांच की। इसके बाद दो मिठाई की दुकानों पर जांच की गई।

विभाग ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और रेस्टोरेंट व होटलों में भी खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी।

जांच के दौरान एक मिठाई दुकान पर दूसरे जिले से मंगवाए गए पनीर का बिल उपलब्ध नहीं पाया गया। सेहत विभाग ने दुकानदारों को हिदायत दी कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय उसका बिल जरूर लें और रिकॉर्ड संभालकर रखें।

अधिकारियों ने दुकानदारों, रेस्टोरेंट और होटल संचालकों से अपील की कि लोगों को साफ-सुथरे और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाएं। विभाग ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *