जालंधर में 5 किलो हेरोइन के साथ 2 गिरफ्तार, ₹1.50 लाख ड्रग मनी बरामद; सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
Punjab Hotmail Bureau, जालंधर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जालंधर पुलिस ने 5 किलो हेरोइन और 1.50 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलप्रीत सिंह निवासी फिल्लौर और कमलदीप सिंह निवासी फिल्लौर के रूप में हुई है।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो आरोपी शहर में नशे की खेप सप्लाई करने के लिए आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव कोट कलां चौक के पास पटवारी ढाबे के नजदीक ट्रैप लगाकर दोनों को काबू किया।
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान दिलप्रीत सिंह से 2.5 किलो हेरोइन और 80 हजार रुपये तथा कमलदीप सिंह से 2.5 किलो हेरोइन और 70 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। दोनों के खिलाफ थाना कैंट में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कथित तौर पर पहले भी नशे की सप्लाई कर चुके हैं और इस बार दूसरी खेप सप्लाई करने के लिए आए थे। पुलिस के अनुसार आरोपी ग्राहक का इंतजार कर रहे थे और कार को कुछ दूरी पर खड़ा किया गया था। पुलिस ने कार चालक सहित वाहन को भी ट्रैक कर लिया है।
इस मामले में दो अन्य आरोपियों को भी नामजद किया गया है। पुलिस के मुताबिक नामजद आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वे फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस उनके नशा तस्करी नेटवर्क, सप्लाई लिंक और आगे-पीछे के कनेक्शन का पता लगाने में जुटी है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।
