कपूरथला में दर्दनाक हादसा: अमृतसर हाईवे पर बाइक सवार 3 लोगों की मौत, 2 महिलाएं शामिल; अज्ञात वाहन की तलाश!
Punjab Hotmail Bureau, कपूरथला। अमृतसर नेशनल हाईवे पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक की अज्ञात वाहन के साथ जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद तीनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे।

हादसा इतना गंभीर था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं। हादसे की सूचना मिलते ही सुभानपुर थाना पुलिस और रोड सेफ्टी फोर्स की टीम मौके पर पहुंची।
सुभानपुर थाने के ASI हरजिंदर सिंह और रोड सेफ्टी फोर्स के ASI गुरप्रीत सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर 108 एंबुलेंस की मदद से पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला के शवगृह में भेज दिया।
वोटर कार्ड से पहचान की कोशिश
ASI हरजिंदर सिंह के अनुसार, मृतकों में दो महिलाएं हैं। घटनास्थल से एक वोटर कार्ड बरामद हुआ है, जिस पर अमना पत्नी सतनाम, निवासी गांव लोपोके, जिला अमृतसर लिखा हुआ है।
पुलिस को आशंका है कि यह कार्ड मृतकों में से किसी एक का हो सकता है, लेकिन अभी तक तीनों मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मौके से मृतकों का बैग और बाइक भी कब्जे में ले ली है। फिलहाल परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मृतकों की पहचान सुनिश्चित हो सके।
अज्ञात वाहन की तलाश जारी
पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज समेत हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
