जालंधर में खाली प्लॉट से युवक की लाश मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
शरीर पर चोट और तेजधार हथियार जैसे निशान मिलने से उठे सवाल; 3 दिन पहले ही अस्पताल से मिली थी छुट्टी, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
पंजाब हॉटमेल, जालंधर। न्यू रत्न नगर में एक खाली प्लॉट से 26 वर्षीय युवक संदीप कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में दहशत फैल गई। शव पर चोट और तेजधार हथियार से कटने जैसे निशान बताए जा रहे हैं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।

सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
3 दिन पहले ही अस्पताल से मिली थी छुट्टी
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि संदीप पिछले कुछ समय से बीमार चल रहा था और करीब 3 दिन पहले ही अस्पताल से छुट्टी लेकर घर लौटा था। संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत की खबर सामने आने के बाद परिवार और इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संदीप शराब पीने का आदी था। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि उसका किसी व्यक्ति के साथ विवाद हुआ था और इसके बाद उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि, इन दावों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।
माथे पर चोट कैसे लगी? पुलिस कर रही जांच
थाना बस्ती बावा खेल के SHO जय इंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस झगड़े से जुड़े पहलू समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। माथे पर मिले चोट के निशान को लेकर उन्होंने कहा कि यह संभव है कि युवक किसी पत्थर पर गिरा हो, जिससे चोट लगी हो।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और हत्या की आशंका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने मृतक की मां से भी बातचीत की है और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आसपास के हालात और घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
