जालंधर में एक्साइज-पुलिस रेड से अवैध माफिया में हड़कंप: शहर से देहात 4 जगह रेड कर भारी मात्रा में शराब पकड़ कई आरोपी गिरफ्तार किए; वाहन भी जब्त
बुलंदपुर से लेदर कॉम्प्लेक्स और भोगपुर तक कार्रवाई, अवैध शराब माफिया और तस्करों में डर का माहौल, पकड़े गए तो जाएंगे जेल और लगेगा जुर्माना!
Punjab Hotmail, जालंधर। पंजाब में अवैध शराब की बिक्री से शराब ठेकेदारों को हो रहे करोड़ों रुपये के नुकसान के बीच एक्साइज विभाग और पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।

ठेकेदारों की शिकायतों के बाद शहर और देहात के अलग-अलग इलाकों में संयुक्त एवं अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बरामद की गई और कई लोगों को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान एक एक्टिवा वाहन भी जब्त किया गया है।
बुलंदपुर में मनीष कुमार गिरफ्तार, 14 बोतलें बरामद
एक्साइज टीम ने बुलंदपुर, ट्रांसपोर्ट नगर के पास कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं JMP फैक्ट्री चौक पर नाका लगाकर चेकिंग के दौरान Punjab King ब्रांड की 14 बोतलें बरामद की गईं।

लेदर कॉम्प्लेक्स में 36 बोतलें और एक्टिवा जब्त
लेदर कॉम्प्लेक्स इलाके में भी टीम ने दबिश दी। यहां से 36 बोतल अवैध शराब बरामद होने की जानकारी है। कार्रवाई के दौरान एक एक्टिवा वाहन भी जब्त किया गया है। टीम द्वारा शराब और वाहन के स्रोत तथा संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है।
जालंधर वेस्ट में भार्गव कैंप पुलिस की कार्रवाई
जालंधर वेस्ट में थाना भार्गव कैंप पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए करीब 5 पेटी अवैध शराब बरामद की और एक आरोपी को काबू किया। बरामद शराब में 3 पेटी बोतल और 2 पेटी पव्वे होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर शराब की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।—
भोगपुर में बड़ा खुलासा: हिमाचल में बिक्री के लिए बनी 24 बोतलें बरामद
जालंधर देहात। थाना भोगपुर पुलिस ने आबकारी विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए नवी आबादी, वार्ड नंबर 6, रेलवे स्टेशन के पास इंद्रजीत उर्फ बिल्ला पुत्र गोपाल चंद को अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर में शराब रखकर उसे बेचने की तैयारी कर रहा है। टीम ने छापेमारी की तो आरोपी घर के बाथरूम के पास प्लास्टिक की बोरी लेकर खड़ा मिला। पुलिस को देखकर उसने बोरी फेंककर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान बोरी से 2 गत्ते की पेटियां बरामद हुईं, जिनमें 750 ML की कुल 24 बोतलें थीं। बोतलों पर “NURPURI SANTRA – FOR SALE IN HIMACHAL PRADESH ONLY” लिखा हुआ था। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 18,000 ML है।
एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने बरामद शराब के सैंपल तैयार कर माल को सील कर दिया। आरोपी इंद्रजीत उर्फ बिल्ला के खिलाफ एक्साइज एक्ट की धारा 61-1-14 के तहत थाना भोगपुर में मामला दर्ज किया गया है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई और इसे आगे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में अभियान
एक्साइज विभाग की कार्रवाई AC(X) अशोक कुमार और ETO रमन भगत के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में एक्साइज इंस्पेक्टर सिमरनजीत सिंह, जसन सिंह और सोमंत माही सहित टीम के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
अवैध शराब कारोबारियों में बढ़ी चिंता
लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हलचल बढ़ गई है। विभाग और पुलिस का फोकस अब केवल शराब बरामद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध शराब की सप्लाई करने वाले नेटवर्क और उसके स्रोत तक पहुंचने पर भी है।
अधिकारियों के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
