10 किलो हेरोइन केस में बड़ा खुलासा: जालंधर का ‘हवाला किंग’ टेंजी गिरफ्तार, दुबई के जरिए पाकिस्तान भेजे ₹9 लाख
राजस्थान पुलिस की कार्रवाई में सामने आया इंटरनेशनल ड्रग और हवाला नेटवर्क, पंजाब-राजस्थान कनेक्शन की जांच तेज
Punjab Hotmail, जालंधर/श्री गंगानगर। 10 किलो हेरोइन तस्करी मामले में राजस्थान के श्रीगंगानगर पुलिस ने जालंधर के सैदां गेट निवासी 33 वर्षीय हरप्रीत सिंह उर्फ टेंजी को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया है कि टेंजी ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप मंगवाने के लिए दुबई के माध्यम से हवाला नेटवर्क के जरिए 9 लाख रुपए एडवांस भेजे थे।
दुबई में रकम तस्करी चैनल के जरिए पाकिस्तानी ड्रग सप्लायरों तक पहुंची और पेमेंट कन्फर्म होने के बाद ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में करीब 10 किलो हेरोइन की खेप गिराई गई।

26 जून की कार्रवाई से खुला पूरा नेटवर्क
पूरे मामले की शुरुआत 26 जून 2026 को हुई, जब राजस्थान के जैतसर थाना पुलिस ने लुधियाना निवासी धर्मेंद्र सिंह उर्फ बब्बू और जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9 किलो 908 ग्राम हेरोइन और 1.40 लाख रुपए ड्रग मनी बरामद की थी।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने मुख्य सप्लायर अमरजीत सिंह उर्फ अंबी (सरपंच) और सिमरजीत सिंह उर्फ सिमर को गिरफ्तार किया।
रिमांड के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाने के लिए 9 लाख रुपए की एडवांस पेमेंट जालंधर के हवाला कारोबारी हरप्रीत सिंह उर्फ टेंजी ने विदेश भेजी थी।

दुबई बना पाकिस्तान तक ड्रग मनी पहुंचाने का जरिया
श्रीगंगानगर पुलिस के अनुसार, टेंजी अंतरराष्ट्रीय हवाला नेटवर्क की अहम कड़ी है। वह दुबई के जरिए पाकिस्तान में बैठे ड्रग सप्लायरों तक हवाला के माध्यम से रकम पहुंचाता था।
पेमेंट मिलने के बाद हेरोइन की मात्रा, डिलीवरी की तारीख और ड्रोन ड्रॉप का स्थान तय किया जाता था। इसके बाद खेप भारतीय सीमा में भेजी जाती थी।

पंजाब और राजस्थान के ड्रग सिंडिकेट की जांच तेज
राजस्थान पुलिस का कहना है कि टेंजी के तार पंजाब और राजस्थान में सक्रिय ड्रग माफिया से जुड़े हुए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसियां अब इस हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट की कड़ियों को भी खंगाल रही हैं। वहीं, जालंधर थाना-4 पुलिस ने पुष्टि की है कि आरोपी को राजस्थान पुलिस अपने साथ ले गई है।
