मंडी गोविंदगढ़ में सनसनी: बॉक्स बेड में मिला महिला का शव, ठिकाने लगाने की कोशिश नाकाम; एक महिला समेत तीन हिरासत में
Punjab Hotmail, मंडी गोविंदगढ़: संत नगर इलाके में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि एक महिला की हत्या के बाद उसका शव बॉक्स बेड में छिपाकर जुगाड़ू मोटरसाइकिल रिक्शा पर ठिकाने लगाने की कोशिश की जा रही थी।

लेकिन रास्ते में वाहन का पेट्रोल खत्म हो जाने से पूरा मामला उजागर हो गया।स्थानीय लोगों को जब बॉक्स बेड पर शक हुआ तो उन्होंने अंदर झांककर देखा, जहां एक महिला का शव पड़ा मिला।
इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय पार्षद भी मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही थाना मंडी गोविंदगढ़ के एसएचओ संदीप सिंह और सब-डिवीजन डीएसपी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मंडी गोविंदगढ़ की मोर्चरी में भिजवा दिया।
पुलिस ने मामले में एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।
