जालंधर में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: रिश्वतखोरी के आरोप में इंस्पेक्टर और जूनियर ऑडिटर गिरफ्तार, पढ़ें और देखें
Punjab Hotmail, जालंधर । जालंधर में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर रजनीश रामपाल और जिला नियंत्रक कार्यालय में तैनात जूनियर ऑडिटर मानव भनोट को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

दोनों अधिकारियों पर खरीफ सीजन 2025-26 के दौरान कस्टम मिलिंग के लिए आवंटित धान के भंडारण कार्य को पूरा करने के बदले रिश्वत मांगने और लेने का आरोप है।
विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर की गई।
जांच में सामने आया कि इंस्पेक्टर रजनीश रामपाल ने शिकायतकर्ता से पहले 50 हजार रुपये और बाद में 20 हजार रुपये की अतिरिक्त रिश्वत ली। वहीं जूनियर ऑडिटर मानव भनोट पर अपने लिए तथा अन्य अधिकारियों के नाम पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप है।
शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराई गई वीडियो रिकॉर्डिंग में रिश्वत लेन-देन के आरोपों की पुष्टि होने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ विजिलेंस थाना जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
विजिलेंस ब्यूरो ने कहा है कि जांच के दौरान अन्य संदिग्ध अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी। मामले की आगे की जांच जारी है।
